जयपुर। राजस्थान में पत्रकारिता जगत के सशक्त प्रतिनिधित्व और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करने की दिशा में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश कोर कमेटी की सहमति के बाद संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ ने राज्य भर में 42 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस पुनर्गठन प्रक्रिया में संगठन ने अनुभवी चेहरों पर पुनः विश्वास जताते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं, ताकि पत्रकारों की समस्याओं का प्रभावी समाधान और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

संगठन के विस्तार और सदस्यता अभियान को गति देने के उद्देश्य से घोषित की गई इस सूची में विभिन्न संभागों के लिए नए नेतृत्व का चयन किया गया है। जोधपुर संभाग में प्रदीप जोशी को जोधपुर, मनोज जैन को जोधपुर ग्रामीण, महेन्द्र सिंह मुनाबाव को बाड़मेर, करणाराम मांजू को बालोतरा, गणपत दैया को जैसलमेर, राकेश शर्मा को फलोदी, अरुण जोशी को पाली, दिलीप सिंह को जालोर और अशोक कुमावत को सिरोही की कमान सौंपी गई है। इसी तरह उदयपुर संभाग में परमवीर सिंह दुलावत को उदयपुर, कमलाशंकर श्रीमाली को उदयपुर ग्रामीण, सुरेश भाट को राजसमंद, ओम भट्ट को चित्तौड़गढ़, अमित पुरोहित को प्रतापगढ़, किशन सेन को बांसवाड़ा, परवेश जैन को डूंगरपुर और ओमप्रकाश कलाल को सलूंबर का नेतृत्व दिया गया है।

कोटा संभाग में झालावाड़ से आरिफ मंसूरी, बारां से लक्ष्मीचंद नागर और बूंदी से कमलेश शर्मा को नियुक्त किया गया है, जबकि कोटा जिला अध्यक्ष का पद अभी रिक्त रखा गया है। अजमेर संभाग में आनंद शर्मा को अजमेर, अनिल शर्मा को नागौर, गोविन्द लाल व्यास को डीडवाना, कुलभूषण उपाध्याय को ब्यावर, प्रेम रघुवंशी को टोंक और महेश अग्रवाल को भीलवाड़ा की जिम्मेदारी दी गई है। भरतपुर संभाग में उमेश लवानिया को भरतपुर, पूरन प्रकाश बंसल को डींग, वीरेन्द्र गोस्वामी को धौलपुर, दीनदयाल सारस्वत को करौली और सवाई माधोपुर में राजेश शर्मा को पुनः जिला अध्यक्ष के पद पर बरकरार रखा गया है।

जयपुर संभाग में सुरेन्द्र शर्मा को जयपुर ग्रामीण, विनोद पाराशर को दौसा, जुगल गांधी को अलवर, विकास पुनिया को झुन्झुनूं, प्रमोद खंडेलवाल को खैरथल-तिजारा और लोकेश भारद्वाज को कोटपूतली-बहरोड़ का नेतृत्व सौंपा गया है। इस दौरान जयपुर और सीकर जिले के पद फिलहाल रिक्त रखे गए हैं। बीकानेर संभाग की जिम्मेदारी विक्रम जागरवाल (बीकानेर), सतवीर चौधरी (श्रीगंगानगर), जुगल किशोर स्वामी (हनुमानगढ़) और किशन उपाध्याय (चूरू) को दी गई है। प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई है कि वे पत्रकारों के अधिकारों के प्रति सजग रहकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अपना महती योगदान देंगे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story