आईएफडब्ल्यूजे जैसलमेर की नई जिला कार्यकारिणी घोषित, हर सदस्य का होगा बीमा, पत्रकार हितों को नई मजबूती
आईएफडब्ल्यूजे जैसलमेर की नई जिला कार्यकारिणी घोषित हुई। हर सदस्य का बीमा कराने के फैसले के साथ पत्रकार हितों और सुरक्षा को नई प्राथमिकता मिली।

तस्वीर में आईएफडब्ल्यूजे जैसलमेर की बैठक के दौरान फूलों की माला पहने नव-नियुक्त पदाधिकारी और सदस्य एक कमरे में एक साथ खड़े होकर पोज दे रहे हैं।
इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) राजस्थान की जैसलमेर जिला इकाई की नवीन कार्यकारिणी का गठन शुक्रवार को किया गया। प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में जिलाध्यक्ष गणपत दैया ने नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए विभिन्न पदों पर नियुक्तियां कीं। नई टीम को पत्रकार हितों की रक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने तथा संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यकारिणी की घोषणा के साथ संगठन ने पत्रकार हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय भी लिया। जिलाध्यक्ष गणपत दैया ने घोषणा की कि आईएफडब्ल्यूजे जैसलमेर जिला इकाई से जुड़े प्रत्येक सदस्य का संगठन की ओर से बीमा (इंश्योरेंस) कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार हर परिस्थिति में समाज के बीच रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं और कई बार उन्हें दुर्घटनाओं, प्राकृतिक आपदाओं तथा अन्य जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संगठन का दायित्व है कि वह अपने सदस्यों और उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए भी ठोस कदम उठाए। इसी सोच के साथ सभी सदस्यों को बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
नई कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए सलाहकार मंडल में वरिष्ठ पत्रकार विमल राय भाटिया एवं चंद्रशेखर भाटिया को शामिल किया गया है, जबकि एडवोकेट जहांगीर मलिक को विधि सलाहकार नियुक्त किया गया है। उपाध्यक्ष पद पर जगदीश गोस्वामी, तनेराव सिंह एवं पूरण सिंह सोढ़ा को जिम्मेदारी दी गई है। धर्मेंद्र प्रजापत को महासचिव, रजत व्यास को प्रवक्ता तथा सेउराम मेघवाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। मनीष रामदेव को विधानसभा क्षेत्र जैसलमेर का प्रभारी तथा गोपाल सिंह तंवर को विधानसभा क्षेत्र पोकरण का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
संगठन ने सचिव पदों पर भी नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सूर्यवीर सिंह तंवर को सचिव प्रथम एवं जैसलमेर शहर प्रभारी, कपिल नागोरा को सचिव द्वितीय एवं पोकरण शहर प्रभारी, भादर सिंह राजपुरोहित को सचिव तृतीय एवं फतेहगढ़ उपखंड प्रभारी, विक्रम सिंह सोढ़ा को सचिव चतुर्थ एवं ग्रामीण प्रभारी तथा घेवर सिंह को सचिव पंचम एवं सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में राकेश दैया, नरेंद्र सिंह पुनमनगर, रमेश प्रजापत, आदित्य कौशिक, तनमय बिस्सा, निशा इन्दखिया, महेंद्र सिंह चौहान, भीम सिंह पंवार एवं योगेश बिस्सा को शामिल किया गया है।
जिलाध्यक्ष गणपत दैया ने कहा कि नई कार्यकारिणी केवल संगठनात्मक विस्तार नहीं, बल्कि पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए एक मजबूत पहल है। उन्होंने कहा कि संगठन आने वाले समय में पत्रकारों के प्रशिक्षण, सामाजिक सुरक्षा, कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं पर भी विशेष रूप से कार्य करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा हर सदस्य के हितों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएगा।
उन्होंने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि पूरी टीम निष्पक्ष पत्रकारिता, संगठन की मजबूती और पत्रकार एकता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। नई कार्यकारिणी के गठन और प्रत्येक सदस्य का बीमा कराने के निर्णय का जिले के पत्रकारों ने स्वागत करते हुए इसे पत्रकार हित में एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक कदम बताया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
