आईएफडब्ल्यूजे अजमेर जिला इकाई का गठन, पत्रकार सुरक्षा कानून पर हुई चर्चा
आईएफडब्ल्यूजे की बैठक में आनंद कुमार शर्मा को अजमेर जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। संगठन ने पत्रकारों के लिए बीमा, एआई कार्यशाला और सुरक्षा कानून की मांग उठाई है।

तस्वीर में बाईं ओर खड़ीं तीन महिलाएं और उनके साथ कई पुरुष अजमेर क्लब की इमारत के सामने एक समूह फोटो के लिए खड़े नजर आ रहे हैं।
अजमेर। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) की अजमेर जिला इकाई के गठन हेतु अजमेर क्लब में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकार सुरक्षा और उनके सम्मान को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया गया। इस बैठक में मुख्य रूप से आईएफडब्ल्यूजे के जिला सलाहकार प्रेम आनंदकर और प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत ने वर्तमान पत्रकारिता के दौर को अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों की सुरक्षा और गरिमा की रक्षा करना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुंडावत ने संगठन द्वारा 'पत्रकार सुरक्षा कानून' को लागू करवाने के लिए किए जा रहे निरंतर संघर्ष को रेखांकित करते हुए कहा कि भविष्य में इस मांग को और अधिक प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही एक व्यापक सदस्यता अभियान संचालित किया जाएगा और राजस्थान के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र तथा सभी उपखंडों में संगठन का विस्तार करते हुए वहां अध्यक्षों की नियुक्तियां की जाएंगी। पत्रकारों और उनके परिवारों के कल्याण हेतु सामूहिक रूप से ग्रुप बीमा और मेडिक्लेम पॉलिसी उपलब्ध कराने की रूपरेखा भी तैयार की गई है।
तकनीकी विकास पर जोर देते हुए मनवीर सिंह चुंडावत ने कहा कि बदलते दौर में पत्रकारों को नई चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहना होगा, जिसके लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आधारित विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी समय में पत्रकार सुरक्षा कानून के समर्थन हेतु प्रदेश के सभी विधायकों और सांसदों से समर्थन पत्र लिए जाएंगे।
जिला सलाहकार प्रेम आनंदकर ने उपस्थित पत्रकारों का आह्वान करते हुए कहा कि पत्रकार समाज की आवाज हैं और उनकी एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश उपाध्यक्ष मनवीर सिंह चुंडावत का साफा एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित जिला कार्यकारिणी का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी का गठन हुआ, जिसमें प्रेम आनंदकर एवं नरेश राघनी को संरक्षक, आनंद कुमार शर्मा को जिलाध्यक्ष, योगेश सारस्वत एवं नवाब हिदायतउल्ला को उपाध्यक्ष, मोंटी सिंह राठौड़ को महासचिव, सुशील पाल को प्रवक्ता, कौशल जैन को कोषाध्यक्ष, दुर्गेश डबरा को सह सचिव और अधिवक्ता संदीप धभाई को कानूनी सलाहकार मनोनीत किया गया। साथ ही आशीष शर्मा, रणजीत सिंह, पंकज कुलियाना, शिखा शर्मा, मनीषा शर्मा तथा महिला इकाई की रेखा को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में दायित्व सौंपा गया। इस दौरान प्रेम आनंदकर ने पूर्व अध्यक्ष बालकिशन शर्मा, शुभम जैन और अशोक सिंह भाटी का भी अभिनंदन किया। वरिष्ठ विधि सलाहकार अधिवक्ता संदीप धभाई ने पत्रकारों को निशुल्क कानूनी सहायता एवं पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में अशोक सिंह भाटी, कौशल सेन, दिनेश गहलोत, महेंद्र टाक सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी ने पत्रकार हितों की रक्षा एवं संगठन को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
