हिंडौन सिटी। सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने का सराहनीय प्रयास करते हुए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा करौली ने शिक्षा और सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। संस्था द्वारा हिंडौन सिटी क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नदी के नगला एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बेड़ा वनकी में अध्ययनरत विद्यार्थियों को जर्सी वितरित की गई, जबकि बच्चियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु सैनिटरी नैपकिन प्रदान किए गए। इसके साथ ही बेसहारा एवं गरीब महिलाओं को ठंड से राहत देने के उद्देश्य से कंबलों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा करौली के अध्यक्ष ऋद्धि चंद जैन एडवोकेट, अर्जुन जी गेरा, केदारनाथ जी गुप्ता, तहसीलदार महेश जी जैन, एसीबीईओ गिरीश कुमार जैन, कोषाध्यक्ष पंकज कुमार जैन तथा आशीष मेमोरियल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल हिंडौन के प्रिंसिपल की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों के करकमलों से जब विद्यार्थियों को जर्सी मिली तो सर्द मौसम में उन्हें न सिर्फ राहत मिली, बल्कि उनके चेहरे पर उत्साह और प्रसन्नता भी स्पष्ट दिखाई दी।

कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव महेश जैन ने बच्चों को संस्था के उद्देश्य, सेवा कार्यों और मानवीय मूल्यों के बारे में जानकारी दी, जिससे विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहन मिला। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नदी के नगला की प्रधानाचार्य अंजू जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी के इस जनकल्याणकारी प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।

इसी क्रम में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बेड़ा वनकी में भी विद्यार्थियों को जर्सी वितरित की गई। विद्यालय के संस्था प्रधान दिनेश शर्मा एवं श्रीमती विकास शर्मा ने अतिथियों का स्वागत कर इस पहल को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान समस्त विद्यालय स्टाफ, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

रेड क्रॉस सोसाइटी का यह आयोजन न केवल जरूरतमंदों के लिए सहारा बना, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को भी मजबूती देने वाला साबित हुआ, जो आने वाले समय में अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

Dheeraj kumar Sharma (hindon city)

Dheeraj kumar Sharma (hindon city)

धीरज कुमार शर्मा (हिंदॉन सिटी), प्रात:काल समाचार के अनुभवी संवाददाता हैं। वे लगातार शहर और आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा खबरों को जनता तक पहुँचाने में सक्रिय हैं। धीरज जी की रिपोर्टिंग में तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और गहन विश्लेषण की झलक दिखाई देती है। उनकी खबरें न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि पाठकों को घटनाओं की पूरी तस्वीर समझने में भी मदद करती हैं। वे हमेशा समय पर और सटीक समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Next Story