सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए चिकित्सा विभाग ने एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देते हुए गीता देवी राजकीय बालिका विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। चिकित्सा विभाग की टीम विद्यालय पहुंची, जहां टीम सदस्यों ने प्रिंसिपल से मुलाकात कर टीकाकरण के महत्व पर चर्चा की और बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

अभियान के दौरान छात्राओं को बताया गया कि एचपीवी टीका एक प्रभावी सुरक्षा कवच है, जो सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। टीम ने अभिभावकों और बालिकाओं को विशेष परामर्श देते हुए बीमारी के लक्षणों और रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक किया। यह भी स्पष्ट किया गया कि बाजार में यह टीका हजारों रुपये का उपलब्ध है, लेकिन सरकार द्वारा इसे निःशुल्क लगाया जा रहा है।

इसी क्रम में सिटी डिस्पेंसरी में भी सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया, जहां 14 व 15 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं को वैक्सीन लगाई गई। टीकाकरण से पूर्व सभी छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके। अभियान के दौरान प्रत्येक छात्रा का विवरण मौके पर ही यू-विन पोर्टल पर दर्ज किया गया, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता और सटीकता बनी रहे।

चिकित्सा विभाग ने स्पष्ट किया कि 14 व 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीका अत्यंत प्रभावी है और समय पर टीकाकरण से सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव संभव है। अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी बेटियों का निर्धारित आयु में टीकाकरण अवश्य करवाएं।

टीका लगवाने वाली बालिकाओं ने खुशी जाहिर करते हुए इसे सुरक्षा कवच बताया और कहा कि टीका लगवाकर वे स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने अन्य साथियों से भी बिना किसी डर के टीकाकरण करवाने की अपील की। यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि भविष्य में गंभीर बीमारियों की रोकथाम के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत भी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story