सवाई माधोपुर में मोटर यान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना-2022 की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एडीआर सेंटर में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव समीक्षा गौतम की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में सचिव समीक्षा गौतम ने अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर विजय सिंह तथा पुलिस निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता के साथ जिले में गत वर्ष पुलिस थानों में दर्ज हिट एंड रन मामलों और पुलिस थानों से दावा जांच अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) को प्रेषित किए गए प्रार्थना पत्रों पर मुआवजा प्रदान करने के संबंध में की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए विस्तृत विचार-विमर्श किया।

सचिव समीक्षा गौतम ने पुलिस निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता को निर्देश दिए कि जिले के सभी पुलिस थानों में वर्ष 2023 से 2025 तक लंबित हिट एंड रन के सभी प्रकरणों में आवेदन भरवाकर उन्हें दावा जांच अधिकारी को शीघ्र प्रेषित किया जाए। इसके साथ ही दावा जांच अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा को मोटर यान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना-2022 का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी बताया गया कि पिछली बैठक में सभी थानाधिकारियों को हिट एंड रन से संबंधित अधिकाधिक प्रकरण अतिरिक्त जिला कलक्टर (दावा जांच अधिकारी), सवाई माधोपुर को भेजने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों की थानाधिकारियों द्वारा अनुपालना किए जाने से अपेक्षित परिणाम प्राप्त हुए हैं। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र पीड़ितों तक समयबद्ध मुआवजा पहुंचाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story