हिंडौन के डाबकी में कुश्ती दंगल: दीपक पहलवान ने जीती 21 हजार की कुश्ती
शेरपुर क्षेत्र में रामनवमी पर आयोजित दंगल में कई राज्यों के पहलवानों ने आजमाया भाग्य, लंबी कूद प्रतियोगिता का भी हुआ आयोजन।

तस्वीर में दिख रहे लोग डाबकी में आयोजित कुश्ती दंगल के दौरान अखाड़े में खड़े हैं।
हिंडौन सिटी। पंचायत समिति शेरपुर क्षेत्र के डाबकी शिव मंदिर परिसर में शनिवार को रामनवमी के अवसर पर कुश्ती दंगल मेले का आयोजन हुआ। दोपहर 2 बजे शुरू हुआ दंगल शाम 7 बजे तक चला। इसकी आखिरी और सबसे बड़ी ₹21 हजार की कुश्ती सिंह हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रघुवीर सिंह डागुर की ओर से कराई गई, जिसमें शेरपुर के जोगेंद्र पहलवान और नूरपुर के दीपक पहलवान आमने-सामने हुए। कड़े मुकाबले में दीपक पहलवान ने बाजी मार ली।
दंगल के निर्णायक मनोज डागुर शेरपुर ने बताया कि ₹21 हजार का एक अन्य मुकाबला रसीदपुर के हरेंद्र पहलवान और फुलवारा के कुशपाल पहलवान के बीच हुआ, जो बराबरी पर छूटा। इसके अलावा ₹15 हजार के दो मुकाबले कराए गए। इनमें जरूआ कतरा के सौरभ पहलवान विजयी रहे। यह कुश्ती सोनू डागुर शेरपुर की ओर से कराई गई। दूसरे मुकाबले में सोमला के देव पहलवान और करावली के मागे पहलवान आमने-सामने हुए, लेकिन मुकाबला बराबरी पर रहा।
दंगल में ₹11 हजार के पांच मुकाबलों सहित ₹50 से लेकर ₹21 हजार तक की कई कुश्तियां हुईं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने दांव-पेंच आजमाए। विजेता पहलवानों को कमेटी की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कुश्ती दंगल से पहले लंबी कूद प्रतियोगिता कराई गई। इसमें बंटी फागना प्रथम, आकाश शेरपुर द्वितीय और आशिक शाह हाड़ौली तृतीय रहे। मेले में झूले, खिलौनों और चाट-पकौड़ी की दुकानें भी लगीं। दंगल देखने के लिए शेरपुर सहित आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में दर्शक पहुंचे।
दंगल में निर्णायक के रूप में मनोज डागुर शेरपुर, सोहन सिंह पीटीआई, अमर सिंह, बाबू, नाहर सिंह और वीरेंद्र सिंह डागुर ने भूमिका निभाई। ग्राम पंचायत प्रशासक लाखन सिंह जाटव, भरत पहलवान, हरगुण पहलवान, बाबू सिंह डागुर और उद्यम सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। रामनवमी के अवसर पर आयोजित इस दंगल में विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों के मुकाबलों ने मेले को प्रमुख आकर्षण बनाया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
