हिंडौन सिटी। नगर परिषद चुनाव में वार्ड संख्या 60 से भाजपा प्रत्याशी विजय कुमारी शर्मा जरूरतमंदों की सेवा के अपने लंबे अनुभव और हिंडौन शहर के कायाकल्प के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में हैं। वर्षों से जरूरतमंदों की सेवा को जीवन का लक्ष्य मानकर चल रहीं विजय कुमारी शर्मा अब शहर के बिगड़े हालात सुधारने और मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का संकल्प लेकर जनता के बीच पहुंच रही हैं। इसी सोच के चलते उन्हें वार्ड क्षेत्र के साथ-साथ हिंडौन शहर के विभिन्न हिस्सों से भी लोगों का समर्थन मिल रहा है।

विजय कुमारी शर्मा का कहना है कि उनके लिए पार्षद का चुनाव केवल राजनीतिक पद हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का बड़ा अवसर है। वे वार्ड संख्या 60 के विकास के साथ पूरे हिंडौन शहर की समस्याओं को दूर करने की दिशा में काम करना चाहती हैं।

विजय कुमारी शर्मा ने कहा कि हिंडौन शहर में जनसमस्याओं का अंबार लगा हुआ है। जिस वार्ड में जाएं, वहां जलभराव लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कई वार्डों में सफाई व्यवस्था भी बदहाल है। जगह-जगह गंदगी, जलभराव और अव्यवस्थित व्यवस्थाओं ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने बताया कि वार्डों में जाकर उन्होंने लोगों की समस्याओं और उनके दर्द को करीब से देखा है। लगातार बिगड़ते हालात के कारण लोगों में निराशा बढ़ रही है और कई परिवार हिंडौन से पलायन तक करने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे हालात में शहर की व्यवस्थाओं को सुधारना और हिंडौन का कायाकल्प करना उनका प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा के संस्कार उन्हें अपने परिवार से मिले हैं और इसी सेवा भावना को व्यापक रूप देकर पूरे शहर के विकास से जोड़ना उनका लक्ष्य है। विजय कुमारी शर्मा ने बताया कि उनके पति दिलीप चतुर्वेदी भी लंबे समय से समाजसेवा से जुड़े हुए हैं। दोनों ने मिलकर जरूरतमंदों की सहायता के लिए अनेक कार्य किए हैं।

गायों के संरक्षण और उपचार के उद्देश्य से हिंडौन की बांके बिहारी गौशाला को करीब 11 लाख रुपये की एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई। यह एंबुलेंस बीमार और घायल गायों को उपचार के लिए ले जाने में उपयोगी साबित हो रही है। इसी तरह मोक्षधाम में टीनशेड सहित विकास कार्यों में सहयोग किया गया। हिंडौन के सरकारी जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए स्ट्रेचर, व्हीलचेयर, फर्नीचर, एसी और कूलर सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। वहीं कई राजकीय विद्यालयों में जरूरतमंद विद्यार्थियों को गर्म कपड़े, गणवेश और पुस्तकें उपलब्ध कराकर शिक्षा के क्षेत्र में भी सहयोग किया गया।

विजय कुमारी शर्मा अपने परिवार की सेवा परंपरा को भी अपनी प्रेरणा मानती हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दशक पहले हिंडौन रेलवे स्टेशन के आसपास आबादी बेहद कम थी। उस समय रात के वक्त ट्रेन से आने वाले दूर-दराज के ग्रामीण यात्रियों को स्टेशन के समीप झंडू बाबा के यहां आश्रय मिलता था। रात्रि विश्राम के लिए चारपाई-बिस्तर से लेकर भोजन और पानी तक की व्यवस्था यात्रियों के लिए की जाती थी। उस दौर की यह सेवा आज भी सामाजिक मंचों पर चर्चा का विषय रही है। आबादी का विस्तार होने के बाद स्टेशन के आसपास विकसित हुई बस्ती को बाद में झंडूपुरा के नाम से जाना जाने लगा।

विजय कुमारी शर्मा के पति दिलीप चतुर्वेदी उसी झंडू बाबा के परिवार से हैं और परिवार की वर्षों पुरानी सेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। विजय कुमारी शर्मा का कहना है कि उन्होंने अपने पूर्वजों से जरूरतमंदों की सेवा करना सीखा है और यही सेवा भावना अब उनके सार्वजनिक जीवन का आधार है।

उनके अनुसार, वार्ड 60 का विकास उनकी प्राथमिकता है, लेकिन उनका सपना इससे कहीं बड़ा है—एक ऐसा हिंडौन, जहां जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं से लोगों को राहत मिले, बेहतर सफाई व्यवस्था हो और शहर की मूलभूत सुविधाएं मजबूत हों। इसी सोच और सेवा के संकल्प के साथ विजय कुमारी शर्मा चुनाव मैदान में हैं और जनता से समर्थन मांग रही हैं।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story