हिंडौन सिटी में जे.बी. पूर्वांचल बोर्डिंग स्कूल में रविवार को देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं NEET एवं JEE में सफलता हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चयनित विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों का भी सम्मान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस वर्ष आयोजित NEET एवं JEE परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के साथ-साथ क्षेत्र का भी नाम रोशन किया। NEET परीक्षा में अभिषेक बंसीवाल (पिता–धर्म सिंह) ने SC वर्ग में ऑल इंडिया रैंक 2276 तथा गौरव गुर्जर (पिता–भगवान सिंह) ने OBC वर्ग में ऑल इंडिया रैंक 9090 प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

इसी प्रकार JEE परीक्षा में आशीष कुमार (पिता–विजय जाटव) ने SC वर्ग में ऑल इंडिया रैंक 2841 तथा मान सिंह (पिता–विनोद) ने SC वर्ग में ऑल इंडिया रैंक 12172 प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों की इस सफलता को उनके कठिन परिश्रम, अनुशासित अध्ययन और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम बताया गया।

विद्यालय के चेयरमैन ब्रह्म सिंह तंवर ने चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि किसान परिवारों से निकलकर डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना साकार होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

संस्थान निदेशक राकेश खटाना, सह निदेशक राजू शर्मा, प्रधानाचार्या श्रीमती धीरू तोमर, विज्ञान विभागाध्यक्ष सुरजीत सिंह एवं इंग्लिश मीडियम विभागाध्यक्ष देवेंद्र तोमर ने भी सफल विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मान समारोह के दौरान सफल विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में भी संस्थान के विद्यार्थी इसी प्रकार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story