हिंडौन: श्वेतांबर पल्लीवाल ट्रस्ट ने निकाली चैत्य परिपाटी यात्रा
पर्युषण पर्व के तहत 170 से अधिक श्रद्धालुओं ने विभिन्न जैन तीर्थों का भ्रमण कर दर्शन-वंदन, पूजा-अर्चना और गौसेवा में भाग लिया।

तस्वीर में लाल साफा और माला पहने लोग मंदिर परिसर में खड़े दिखाई दे रहे हैं।
हिंडौन सिटी। पर्युषण पर्व के कर्तव्य का पालन करते हुए श्री जैन श्वेतांबर पल्लीवाल नवयुवक चैरिटेबल ट्रस्ट, हिंडौन सिटी के तत्वावधान में 20 सितंबर 2026 को एक दिवसीय भव्य चैत्य परिपाटी यात्रा निकाली गई। धार्मिक यात्रा में 170 से अधिक श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ सहभागिता की। यात्रा के दौरान दर्शन-वंदन, पूजा-अर्चना, आरती, साधु-संतों के आशीर्वचन, स्वामी वात्सल्य, संघ पूजा और गौसेवा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सेवा कार्य आयोजित हुए।
नवयुवक चैरिटेबल ट्रस्ट हिंडौन के अध्यक्ष वर्धमान जैन ने बताया कि पर्युषण पर्व आत्मशुद्धि, संयम, तप, सेवा और क्षमाभाव का पर्व है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए चैत्य परिपाटी यात्रा का आयोजन किया गया। सचिव विवेक जैन एवं कोषाध्यक्ष आदित्य जैन ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ नई मंडी मंदिर से हुआ। श्रीमान नरेश चंद जी एवं धर्म चंद जी जैन, शेखपुरा वालों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। शुभारंभ के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह, भक्ति एवं धार्मिक उमंग दिखाई दी।
यात्रा का प्रथम पड़ाव सिरस जैन तीर्थ रहा। गाजे-बाजे एवं ढोल की मंगल ध्वनि के साथ श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रवेश कर भगवान के दर्शन-वंदन किए और सामूहिक आरती में भाग लिया। आरती का लाभ श्रीमान अजय कुमार जी जैन, कुसाय वालों ने तथा मंगल दीपक का लाभ श्री सुरेश चंद जी एवं श्री निर्मल कुमार जी, झारेड़ा वालों ने लिया।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना एवं सेवा का लाभ लिया। नवकारसी और दोपहर के स्वामी वात्सल्य का आयोजन भी हुआ। इस अवसर पर सिरस तीर्थ ट्रस्ट की ओर से चैत्य परिपाटी के निमित्त नवयुवक संघ के कृष्ण कुमार क्यारदा वाले का बहुमान किया गया तथा यात्रा के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया गया।
ट्रस्ट के देवेंद्र जैन और देवेश जैन ने बताया कि सिरस तीर्थ के दर्शन-वंदन के बाद यात्रा अगले पड़ाव डहरा मोड़ गौशाला के लिए रवाना हुई। यहां श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से श्री शांतिनाथ दादा की आरती की। आरती का लाभ श्रीमान महेश चंद जी एवं श्री वीरेंद्र कुमार जी, करमपुरा वालों ने तथा गौ पूजन का लाभ श्रीमान कपूर चंद जी एवं श्री हेमंत कुमार जी जैन, शेरपुर वालों ने लिया।
श्री शांतिनाथ मंदिर एवं गौशाला समिति की ओर से अल्का जैन शाहिडा वाले तथा नवयुवक संघ के पदाधिकारियों का स्वागत-सत्कार किया गया। श्रद्धालुओं ने गौशाला में गायों को चारा, हरी घास एवं गुड़ खिलाकर गौसेवा का पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस सेवा का लाभ श्रीमान प्रेम चंद जी एवं श्री पदम चंद जी, नई मंडी, हिंडौन सिटी द्वारा लिया गया।
इसके पश्चात यात्रा मंडावर श्री संघ पहुंची। गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन-वंदन किए और धर्मलाभ प्राप्त किया। यहां विराजित महाराज साहब श्री डॉ. प्रियदर्शना सूरी जी एवं श्री डॉ. सुदर्शना सूरी जी महाराज साहब के पावन आशीर्वचन प्राप्त हुए। मंडावर श्री संघ द्वारा श्रद्धालुओं के लिए स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया। नवयुवक संघ के पदाधिकारियों एवं सभी यात्रियों का आत्मीय स्वागत-सत्कार किया गया तथा सभी यात्रियों की संघ पूजा भी कराई गई।
सायंकालीन आरती के समय चैत्य परिपाटी यात्रा महवा श्री संघ पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भक्ति एवं उल्लास के वातावरण में श्री सुमतिनाथ दादा की आरती, गुरुदेव की आरती, मणिभद्र वीर की आरती एवं नाकोड़ा भैरव की आरती का लाभ हिंडौन संघ की ओर से लिया। महवा श्री संघ द्वारा यात्रा में पधारे सभी श्रद्धालुओं एवं नवयुवक संघ के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष का स्वागत-सत्कार किया गया तथा यात्रा के लिए आभार व्यक्त किया गया। इसके बाद संघ पूजा का आयोजन हुआ।
पूरी चैत्य परिपाटी यात्रा धर्म, भक्ति, दर्शन-वंदन, सेवा, गौसेवा, संघ भावना और आपसी मैत्री से ओत-प्रोत रही। प्रत्येक पड़ाव पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्युषण पर्व की भावना को साकार किया।
आयोजन को सफल बनाने में श्री जैन श्वेतांबर पल्लीवाल नवयुवक चैरिटेबल ट्रस्ट, सभी लाभार्थियों, सहयोगकर्ताओं, तीर्थ ट्रस्टों, विभिन्न श्री संघों एवं यात्रा में सम्मिलित सभी श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सामूहिक सहयोग, समर्पण और सहभागिता से यह चैत्य परिपाटी यात्रा धार्मिक आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का उदाहरण बनकर अविस्मरणीय रही।
पावन यात्रा के दौरान जाने-अनजाने में वचन, व्यवहार अथवा किसी भी प्रकार से किसी के मन को ठेस पहुंची हो तो सभी ने आपस में एक-दूसरे से क्षमा याचना की।

Dheerajkumar Sharma(Sawai Madhopur )
नाम: धीरज कुमार शर्मा
वर्तमान पद: हिंडौन संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: हिंडौन सिटी, जिला करौली (राजस्थान)
बीट: स्थानीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, प्रशासन, कला और धार्मिक गतिविधियां
परिचय
धीरज कुमार शर्मा राजस्थान के करौली जिले के अंतर्गत आने वाले हिंडौन सिटी क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह हिंडौन के स्थानीय समाचारों के साथ-साथ विशेष रूप से राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र को नियमित रूप से कवर करते हैं। इसके अलावा, कला और धार्मिक विषयों पर भी उनकी अच्छी पकड़ है और वह इन क्षेत्रों में भी रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
धीरज कुमार शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 15 साल का लंबा अनुभव है:
- वह पिछले तीन वर्ष से लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और हिंडौन क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
- 'प्रातः काल' से पहले उन्होंने 10 साल तक 'राष्ट्रदूत' अखबार में कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री प्राप्त की है।
