हिंडौन सिटी के खेड़ा स्थित सौरभ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में रविवार को अपेक्स यूनिवर्सिटी जयपुर और सौरभ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के संयुक्त तत्वावधान में मेधावी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में सीबीएसई एवं आरबीएसई की 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों को सराहने के साथ ही उन्हें भविष्य के प्रति प्रेरित करना था।



समारोह के मुख्य अतिथि एसपी लोकेश सोनवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के साथ-साथ असफलता को स्वीकार करना भी एक महत्वपूर्ण कला है। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही दिशा में स्मार्ट लर्निंग अपनाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। युवाओं को मानसिक मजबूती के लिए 'ना' सुनने की आदत विकसित करने का सुझाव भी उन्होंने दिया।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लखन सिंह कुंतल, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दयाल सिंह सोलंकी, करौली एडीपीसी मेघराम मीणा तथा सौरभ एज्यूकेशन कैंपस के डीन डॉ. ए.के. कटारिया ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। अतिथियों ने कहा कि बोर्ड परीक्षा में मिली सफलता का जश्न मनाना आवश्यक है, लेकिन इस पड़ाव तक पहुँचने में माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों के त्याग व सहयोग को कभी नहीं भूलना चाहिए। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट लक्ष्य के साथ निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

राजस्थान दिल्ली एज्यूकेशन सोसायटी के सचिव महेश बेनीवाल ने कहा कि बोर्ड परीक्षा की यह सफलता विद्यार्थी जीवन की पहली बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आगाह किया कि आगे की प्रतिस्पर्धा कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण होगी, जिसके लिए समर्पण और निरंतरता अनिवार्य है। अपेक्स यूनिवर्सिटी जयपुर के असिस्टेंट रजिस्ट्रार (एडमिशन) रवि प्रकाश शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों, आधुनिक सुविधाओं, अनुभवी संकाय, शोध एवं नवाचार, रोजगारपरक कार्यक्रमों, छात्रवृत्ति योजनाओं और प्रवेश प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान अपेक्स यूनिवर्सिटी की सीनियर काउंसलर सृष्टि शर्मा, मनस्वी यादव एवं सहयोगी प्रेम सिंह ने विद्यार्थियों को उपहार भेंट किए। समारोह के अंत में सौरभ एज्यूकेशन के सौरभ सिंह सिंघल, शिवकेश मीणा, पवन शर्मा एवं असिस्टेंट प्रोफेसर ओंकार भौंसले ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। रामकुमार शर्मा द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों का विवरण भी साझा किया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story