हिंडौन सिटी: श्री महावीर स्वामी जिनालय में वार्षिक ध्वजारोहण समारोह संपन्न
पल्लीवाल जैन श्वेतांबर मंदिर में वैशाख सुद-6 पर विधि-विधान से नवीन ध्वजा स्थापित की गई, लाभार्थी परिवारों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग।

हिंडौन सिटी के मोहन नगर स्थित श्री जैन श्वेतांबर पल्लीवाल महावीर स्वामी जिनालय में बुधवार को वार्षिक ध्वजारोहण के दौरान मंदिर के शिखर पर मौजूद श्रद्धालु।
हिंडौन सिटी। नई मण्डी, मोहन नगर स्थित श्री जैन श्वेतांबर पल्लीवाल महावीर स्वामी जिनालय में बुधवार को विधिवत रूप से वार्षिक ध्वजा चढ़ाने का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मावलंबियों की उपस्थिति रही और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।
श्री जैन श्वेतांबर पल्लीवाल मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट, नई मण्डी मोहन नगर के अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति वैशाख सुद-6 के अवसर पर वार्षिक ध्वजारोहण किया गया। यह परंपरा नियमित रूप से निभाई जाती है और ध्वजा को प्रति वर्ष विधिपूर्वक चढ़ाया जाता है। डॉ. मनोज जैन के अनुसार जिनालय पर चढ़ाई जाने वाली यह ध्वजा विजय और सकारात्मकता का प्रतीक मानी जाती है, जो जैन शास्त्रों के अनुसार पंच परमेष्ठी—अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय और साधु—का प्रतिनिधित्व करती है तथा जैन धर्म के पांच मुख्य व्रतों का संदेश देती है। ध्वजा चढ़ाने वाले पुण्यशाली आत्मा को शौर्य, कीर्ति और यश की प्राप्ति होती है तथा इसे संपूर्ण तीर्थ यात्राओं के समान फलदायी माना जाता है।
ध्वजारोहण से पूर्व स्नात्र पूजा और नवीन ध्वजा की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न की गई, जिसमें अनेक श्रद्धालु शामिल हुए। इसके पश्चात निर्धारित मंगल मुहूर्त में प्रातः 8:15 बजे मंदिर के शिखर से पुरानी ध्वजा को उतारकर नई ध्वजा की पूजा-अर्चना के साथ स्थापित किया गया। आयोजन के अंत में शांति कलश के साथ परमात्मा की आरती की गई।
नई मण्डी, मोहन नगर स्थित श्री महावीर स्वामी जिनालय में प्रत्येक वर्ष की कायामी ध्वजा के लाभार्थी परिवार में माया देवी जैन, कैलाश जैन, एडवोकेट भगवान सहाय जैन, राजेश जैन, मानवी जैन, प्रीति जैन, दीक्षा जैन, कुमकुम जैन, सीमा जैन, सोनल जैन, शशि जैन और सुनीता जैन सहित उनके परिजन शामिल रहे। साथ ही श्री जैन संघ के गोपाल जैन, नरेश चंद जैन, पदम चंद जैन, डॉ. मनोज जैन, आदित्य जैन एवं अनेकों जैन भाई-बहनों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बनाया।
यह वार्षिक ध्वजारोहण न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि जैन समाज की परंपरा, एकता और आध्यात्मिक विश्वास को भी सुदृढ़ करता नजर आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
