हिंडौन सिटी में रीट का 'रण': बस स्टैंड पर उमड़ा परीक्षार्थियों का सैलाब, खिड़कियों के रास्ते सीटों पर कब्जा
हिंडौन सिटी में रीट परीक्षा से पहले रोडवेज बस स्टैंड पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। बसों की कमी के चलते परीक्षार्थी खिड़कियों से घुसने को मजबूर हुए और भारी धक्का-मुक्की के बीच अव्यवस्था का माहौल बना रहा। जयपुर-भरतपुर जाने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

हिंडौन सिटी। राजस्थान की सबसे बड़ी शिक्षक पात्रता परीक्षा 'रीट' का आगाज होने से पहले ही हिंडौन सिटी के रोडवेज बस स्टैंड पर जंग जैसे हालात नजर आने लगे हैं। शनिवार से शुरू होने वाली इस महापरीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षार्थियों का ऐसा रेला उमड़ा कि व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गईं। अपने सुनहरे भविष्य की उम्मीदें लेकर परीक्षा केंद्रों की ओर कूच कर रहे युवाओं के लिए सफर की शुरुआत ही भारी जद्दोजहद और अव्यवस्थाओं के बीच हुई।
शहर के मुख्य रोडवेज बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह से ही पैर रखने तक की जगह नहीं बची। जैसे ही डिपो से कोई बस बाहर निकलती, उसमें सवार होने के लिए परीक्षार्थियों और आम यात्रियों के बीच होड़ मच जाती। बसों की भारी कमी और उमड़ती भीड़ के कारण स्थिति इस कदर बेकाबू हो गई कि युवा परीक्षार्थी जान जोखिम में डालकर बस की खिड़कियों के रास्ते भीतर घुसते नजर आए। धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी के बीच कई यात्रियों को घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ा, जिससे बस स्टैंड परिसर में अव्यवस्था का माहौल बना रहा।
रीट परीक्षा के मद्देनजर क्षेत्र के अभ्यर्थी एक दिन पहले ही अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों वाले शहरों के लिए रवाना होने लगे थे। जयपुर, भरतपुर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों तक पहुँचने के लिए सुबह से ही परीक्षार्थियों का तांता लगा रहा। हालांकि प्रशासन की ओर से अतिरिक्त इंतजामों के दावे किए गए थे, लेकिन धरातल पर परीक्षार्थियों की संख्या के आगे रोडवेज बेड़ा बौना साबित हुआ। भीड़ का आलम यह था कि केवल परीक्षार्थी ही नहीं, बल्कि अन्य शहरों की यात्रा करने वाले आम मुसाफिरों को भी इस अव्यवस्था का खामियाजा भुगतना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद भी कई अभ्यर्थी बसों में जगह पाने में नाकाम रहे, जो उनकी परीक्षा पूर्व मानसिक एकाग्रता के लिए एक बड़ी चुनौती साबित हो रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
