गंगापुर सिटी। सनाढ्य गौड़ ब्राह्मण समाज, गंगापुर सिटी के अध्यक्ष पद के चुनाव में डॉ. हेमंत कुमार शर्मा ने प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। उनके निर्वाचन के साथ ही समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया।

चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर वासुदेव शर्मा, कोषाध्यक्ष पद पर राकेश शर्मा, सह सचिव पद पर मनोज शर्मा, महामंत्री पद पर राकेश उपाध्याय और संगठन मंत्री पद पर घनश्याम शर्मा विजयी निर्वाचित हुए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं ने शुभकामनाएं दीं और इस विजय को समाज के विश्वास, एकता, संस्कार और स्वाभिमान की ऐतिहासिक जीत बताया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हेमंत कुमार शर्मा ने समाज के सभी मतदाताओं, वरिष्ठजनों और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की एकजुटता, विश्वास और सहयोग की जीत है। उन्होंने कहा कि समाज ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

डॉ. हेमंत कुमार शर्मा ने कहा कि उनके नेतृत्व में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान मिलेगा और समाजहित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने युवाओं को समाज सेवा और नेतृत्व के लिए प्रेरित करने तथा महिलाओं की भागीदारी को अधिक से अधिक बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज के सभी कार्य पारदर्शिता, सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना के साथ संचालित किए जाएंगे।

समाज की ओर से जारी बधाई संदेश में भगवान परशुराम से डॉ. हेमंत कुमार शर्मा के सफल, उज्ज्वल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की गई। साथ ही विश्वास व्यक्त किया गया कि उनके नेतृत्व में समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा, संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा सामाजिक समरसता, विकास और आपसी भाईचारे को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर समाज के लोगों ने एक स्वर में कहा कि यह "विश्वास की जीत, एकता की जीत और पूरे समाज की जीत" है। सभी ने डॉ. हेमंत कुमार शर्मा को अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं तथा "भगवान परशुराम की जय" के उद्घोष लगाए।

Next Story