भारत सरकार के मौसम विभाग स्तर से जारी हीटवेव अलर्ट के मद्देनजर जिले में भीषण गर्मी के प्रभाव से श्रमिकों की सुरक्षा एवं बचाव को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत औद्योगिक संस्थानों, निर्माण स्थलों एवं अन्य कार्यस्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को मौसमी बीमारी, लू एवं तापघात से सुरक्षित रखने के लिए कारगर प्रबंध सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

जिले के सहायक श्रम आयुक्त संदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि रिको खेरदा, रिको छालोदा (गंगापुर सिटी), मेडिकल कॉलेज ठिंगला, रेलवे निर्माण कार्य जीनापुर, निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास खेरदा सहित जिले के समस्त निर्माणाधीन संस्थानों में कार्यरत श्रमिकों के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

निर्देशों के अनुसार सभी औद्योगिक नियोजकों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है तथा किसी भी स्थिति में पानी की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने को कहा गया है। इसके साथ ही ठेका श्रम (नियमन एवं उन्मूलन) अधिनियम 1970 के प्रावधानों के तहत सभी संस्थानों में कैंटीन, रेस्ट रूम, पेयजल सुविधा, लैट्रिन, यूरिनल्स तथा प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक किया गया है।

लू एवं तापघात से आपातकालीन सुरक्षा के लिए कार्यस्थलों पर आइसपैक की व्यवस्था, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मई-जून माह में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक लू का प्रभाव सर्वाधिक रहता है, ऐसे में किसी भी श्रमिक से खुले में कार्य नहीं करवाया जाए। साथ ही जिन संस्थानों में पीस रेट पर दिहाड़ी श्रमिक कार्यरत हैं, वहां मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मजदूरी दरों में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी।

निर्माण कार्यों से जुड़े सभी ठेकेदारों एवं नियोजकों को इन निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भीषण गर्मी के दौरान श्रमिकों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story