राज्य सरकार द्वारा आयोजित सेवा शिविरों में आमजन को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को पोषण किट, आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड सहित अनेक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर प्रदान की जा रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि सेवा शिविरों में टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय मित्र बनाए जा रहे हैं तथा टी.बी. मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित की जा रही है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के अंतर्गत ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सके।

उन्होंने बताया कि सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य विभाग विशेष रूप से टी.बी. उन्मूलन, गैर संचारी रोगों की समय पर पहचान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा आयुष्मान भारत योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर कार्य कर रहा है। शिविरों में मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना, आयुष्मान कार्ड वितरण, निशुल्क बीपी एवं डायबिटीज जांच, टीकाकरण, एचपीवी टीकाकरण तथा टी.बी. निक्षय पोषण किट वितरण सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को दिया जा रहा है।

डॉ. जेमिनी ने कहा कि आगामी सेवा शिविरों में भी अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय टीमें सतत प्रयास कर रही हैं। जिले में शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्धारित योजना के अनुसार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि अधिकाधिक आमजन को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल सके।

सेवा शिविरों में योजनाओं का लाभ मिलने पर लाभार्थियों ने संतोष व्यक्त किया। शिविर में टी.बी. मरीजों को निक्षय मित्रों द्वारा निक्षय पोषण किट वितरित की गई। लाभार्थियों ने सरकार एवं चिकित्सा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन शिविरों के माध्यम से उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पोषण सहायता भी मिल रही है।

शिविर में उम्मीदा कवर का आभा कार्ड भी बनाया गया। अपना आभा कार्ड प्राप्त करने के बाद लाभार्थी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ग्रामीण क्षेत्र में विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा विभाग का धन्यवाद दिया।

स्वास्थ्य विभाग के सेवा शिविर जिले में आमजन तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ टी.बी. उन्मूलन, निःशुल्क उपचार, डिजिटल स्वास्थ्य पहचान और जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story