टोंक–सवाई माधोपुर सांसद श्री हरीश चन्द्र मीना जी ने लोकसभा में नियम 377 विशेष उल्लेख प्रस्ताव के अंतर्गत सवाई माधोपुर जिले की लंबे समय से उपेक्षित बुनियादी समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए अवगत करवाया कि सवाई माधोपुर अपनी ऐतिहासिक धरोहर और विश्व प्रसिद्ध रणथंभौर टाइगर रिजर्व के कारण देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखता है, जहां हर वर्ष लाखों पर्यटक भ्रमण के लिए आते हैं।

पर्यटन की महत्ता और बुनियादी सुविधाओं का अभाव

सांसद महोदय ने बताया कि पर्यटन की दृष्टि से इतना महत्वपूर्ण क्षेत्र होने के बावजूद सवाई माधोपुर में सुनियोजित शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है। "शहर में बढ़ता हुआ अनियंत्रित ट्रैफिक, बार-बार लगने वाले जाम तथा पर्यटन सीजन के दौरान व्यवस्थाओं की कमी के कारण पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।" किसी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के अनुरूप यहां आवश्यक सुविधाएं जैसे सड़क चौडाईकरण, आधुनिक यातायात प्रबंधन, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और प्रभावी स्वच्छता तंत्र का अभाव क्षेत्र के विकास में बाधा बन रहा है।

विशेष विकास पैकेज और आधुनिक प्रबंधन की मांग

सांसद महोदय ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी के समग्र विकास के लिए विशेष विकास पैकेज प्रदान किया जाए। इसके साथ ही आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने तथा रेलवे सुविधाओं के विस्तार के लिए भी शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती मिल सके।

विश्वस्तरीय पर्यटन शहर के रूप में भविष्य की संभावना

सांसद महोदय ने अनुरोध किया कि सरकार यदि इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई करती है तो सवाई माधोपुर को एक व्यवस्थित और विश्वस्तरीय पर्यटन शहर के रूप में विकसित किया जा सकता है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक अवसरों में भी वृद्धि होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story