टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद हरीश चंद्र मीणा शुक्रवार, 12 जून 2026 को गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खंडीप में आयोजित किसान महापंचायत में शामिल होंगे। इस दौरान वे क्षेत्र के किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों पर चर्चा करेंगे।

सांसद हरीश चंद्र मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि पाँचना बांध से नहरों के माध्यम से कमांड क्षेत्र के गांवों तक सिंचाई जल पहुंचाने सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर यह महापंचायत आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में किसानों की भावनाओं और सुझावों को जानने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी वास्तविक समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा।

यह किसान महापंचायत शुक्रवार को दोपहर 12:15 बजे ग्राम खंडीप में प्रारंभ होगी। सांसद ने क्षेत्र के किसान भाइयों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में जनता की भागीदारी और किसानों की एकजुटता उनके अधिकारों की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस महापंचायत के माध्यम से किसानों की मांगों को संबंधित स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story