सवाई माधोपुर, 9 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत पंचायत समिति मलारना डूंगर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शनिवार को तिरंगा प्रभात फेरियों एवं जनजागरूकता रैलियों का आयोजन किया गया। विकास अधिकारी योगेश कुमार मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश पहुंचाया।

प्रभात फेरियों के दौरान राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर ग्राम पंचायत मुख्यालयों, राजकीय कार्यालयों, कॉलोनियों, गांवों एवं ढाणियों में जनजागरूकता रैलियां निकालीं। महिलाओं ने ग्रामीणों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान की स्वर लहरियों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

विकास अधिकारी योगेश कुमार मीणा ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान एवं गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बनाए रखते हुए इस जनभागीदारी अभियान से जुड़े और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करे। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में राजीविका स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सहभागिता से जनजागरूकता अभियान गांव-गांव तक प्रभावी रूप से पहुंच रहे हैं।

ब्लॉक परियोजना प्रबंधक (राजीविका) कमल कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा ग्राम स्तर पर जनसंपर्क, जागरूकता रैलियों तथा विभिन्न राष्ट्रभक्ति आधारित गतिविधियों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक पंचायत समिति क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में विभागीय कार्यक्रमों के अनुरूप विविध गतिविधियों का आयोजन कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, ग्राम पंचायत कार्मिकों एवं स्थानीय ग्रामीणों का सक्रिय सहयोग रहा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story