सवाई माधोपुर में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संचालित ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत आयोजित तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी एवं तिरंगा मेले का बुधवार को समापन हुआ। जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला पर्यटन सूचना केन्द्र, सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित इस दो दिवसीय प्रदर्शनी के समापन अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज के गौरव और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अभियान की सराहना की। इस दौरान अधिकारियों ने प्रदर्शनी परिसर में राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों एवं हस्तशिल्प के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली और हस्तशिल्पियों के प्रयासों की प्रशंसा की।

प्रदर्शनी में स्थापित तिरंगा सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केन्द्र रहा। अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने तिरंगे के साथ फोटो खिंचवाकर आमजन को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखने, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का संदेश दिया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान के तहत 13 एवं 14 अगस्त को जिला स्तर पर विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास भी स्थापित किए जाएंगे, जिन पर आमजन हस्ताक्षर कर राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के संदेश अंकित कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा सुरक्षा बलों के सेवानिवृत्त कार्मिकों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे 17 अगस्त तक अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का पूर्ण सम्मान करते हुए तिरंगा फहराएं। साथ ही तिरंगा यात्राओं एवं विभिन्न गतिविधियों में भाग लें और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़कर फोटो भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल harghartiranga.com पर अपलोड करें, ताकि राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व को जनभागीदारी का उत्सव बनाया जा सके।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक पंकज मीणा ने बताया कि दो दिवसीय प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में यात्रियों, विद्यार्थियों, पर्यटकों एवं आमजन ने भाग लिया। उन्होंने तिरंगे के गौरव, राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के महत्व तथा स्थानीय उत्पादों की विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में स्थापित तिरंगा सेल्फी पॉइंट भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहा।

इस अवसर की तस्वीरों में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा एवं अन्य अधिकारियों को तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए तथा तिरंगा सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवाकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए दिखाया गया है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story