हर घर तिरंगा अभियान: सवाई माधोपुर में तिरंगा-वंदे मातरम् प्रदर्शनी शुरू, स्थानीय उत्पादों के स्टॉल आकर्षण
सवाई माधोपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा-वंदे मातरम् प्रदर्शनी शुरू, स्थानीय उत्पादों के स्टॉल और सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण।

तस्वीर में सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन स्थित जिला पर्यटन सूचना केन्द्र के बाहर हर घर तिरंगा अभियान के तहत लगी प्रदर्शनी और सेल्फी प्वाइंट के पास खड़े लोग व विद्यार्थी नजर आ रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संचालित ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन परिसर स्थित जिला पर्यटन सूचना केन्द्र पर मंगलवार को तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी तथा तिरंगा मेले का शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन एवं उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रदर्शनी बुधवार को भी प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
जिला उद्योग महाप्रबंधक पंकज मीणा ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, विशेषकर युवा एवं विद्यार्थी, राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के महत्व से जुड़े प्रेरक तथ्यों से परिचित हो रहे हैं। प्रदर्शनी में फ्लेक्स एवं स्टैंडी के माध्यम से तिरंगे के गौरव को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी परिसर में सवाई माधोपुर के स्थानीय उत्पादों एवं हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ब्लैक पॉटरी, हस्तनिर्मित खिलौने, राजीविका स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद, स्थानीय खादी एवं अन्य स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इससे प्रदर्शनी में राष्ट्रप्रेम के साथ स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को भी प्रमुखता दी गई है।
सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन स्थित पर्यटन स्वागत केन्द्र के बाहर बनाए गए तिरंगा सेल्फी पॉइंट पर पर्यटक एवं आमजन उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर अभियान से जुड़ रहे हैं। पंकज मीणा ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने जिलेवासियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 13 से 17 अगस्त तक जिले के प्रमुख राजकीय कार्यालयों, स्मारकों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर ‘तिरंगा कैनवास’ भी स्थापित किए जाएंगे, जिन पर आमजन राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के संदेश अंकित कर सकेंगे।
प्रदर्शनी में स्थानीय उत्पादों का अवलोकन करते विद्यार्थी एवं आमजन तथा तिरंगा सेल्फी पॉइंट पर फोटो खिंचवाते पर्यटक और आमजन अभियान के प्रति उत्साह को दर्शा रहे हैं

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
