हनुमान जन्मोत्सव: गंगापुर सिटी से टोकसी खेड़ा धाम तक निकली भव्य पदयात्रा
उदेई मोड़ से शुरू हुई पदयात्रा में श्रद्धालुओं ने छप्पन भोग लगाया, मंदिर में मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक और भजन संध्या का आयोजन किया गया।

गंगापुर सिटी। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर समूचा क्षेत्र धर्ममय हो उठा, जहाँ श्रद्धालुओं ने अटूट आस्था के साथ बालाजी महाराज की आराधना की। गंगापुर सिटी के उदेई मोड़ स्थित मनोरथ सिद्ध हनुमान मंदिर से टोकसी खेड़ा वाले बालाजी धाम तक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्री डीजे की मधुर धुन पर नाचते-झूमते और गगनभेदी जयकारे लगाते हुए बालाजी धाम पहुंचे, जहाँ भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे खेड़ा वाले बालाजी महाराज के अभिषेक के साथ हुआ। विद्वान पंडितों द्वारा सस्वर मंत्रोच्चार के बीच बालाजी का अभिषेक, हवन-यज्ञ और विशेष चोला चढ़ाकर श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक बैलूनों से भव्य रूप में सजाया गया। इस अवसर पर 51 किलो मोदकों के साथ भगवान को छप्पन भोग लगाया गया। शाम 5:00 बजे उदेई मोड़ स्थित मनोरथ सिद्ध हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात बालाजी महाराज के चित्र को सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया, जिसके बाद गाजे-बाजे के साथ पदयात्रा टोकसी खेड़ा धाम के लिए रवाना हुई। पदयात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था, जहाँ जगह-जगह पुष्प वर्षा कर अल्पाहार, आइसक्रीम और ठंडाई पिलाकर पदयात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
शाम 6:30 बजे जब पदयात्रा गंगापुर सिटी से चलकर बालाजी धाम पहुंची, तो रथ पर विराजमान बालाजी महाराज की आरती उतारी गई और यात्रियों का ठंडाई व पेयजल से अभिनंदन किया गया। सैकड़ो यात्रियों के जयकारों से संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय होकर गूंज उठा। इसके पश्चात आयोजित महाआरती, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और भजन संध्या का भक्तगणों ने भावविभोर होकर आनंद लिया। आयोजन के अंत में आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। व्यवस्थाओं को सफल बनाने में सुरेश चंद शर्मा अध्यापक, अशोक गुरु, वेद प्रकाश मंगल, गोपाल लाल, द्वारका प्रसाद, सोनू सोनी, देवी चरण गर्ग, इंद्र लाल गुप्ता, सुरेश चंद्र गुप्ता, गौरव, आशु, कुलदीप, रानू, भक्त जनक और मुरली सहित सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान दिया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
