सवाई माधोपुर, 29 दिसंबर। राजस्थान में कृषि क्षेत्र को समृद्ध बनाने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में जिले में 18 और 19 जनवरी को दो दिवसीय अमरूद महोत्सव और उन्नत कृषि तकनीकी मेला-2026 आयोजित किया जाएगा। पंच गौरव अभियान के तहत जिला प्रशासन और कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित इस महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा सोमवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में की गई।

जिला कलक्टर काना राम ने बैठक में बताया कि कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से 10 हजार से अधिक किसानों की सहभागिता की संभावना है। उन्होंने कहा कि अमरूद महोत्सव किसानों को लाभकारी खेती की ओर प्रोत्साहित करने, उन्हें उन्नत कृषि तकनीक से अवगत कराने और समृद्ध किसान-विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस महोत्सव के माध्यम से अमरूद उत्पादक किसानों को वैज्ञानिक मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण और विपणन से जुड़े नए अवसर प्राप्त होंगे। महोत्सव में अमरूद उत्पादन से जुड़े विविध उपकरणों की प्रदर्शनी, अमरूद की विभिन्न किस्मों के पौधों और फलों तथा अमरूद से बने उत्पादों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त श्रेष्ठ उत्पादकों का सम्मान, ड्रोन से कृषि कार्यों का लाइव डेमो, स्मार्ट फार्मिंग मॉडल, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, हाईटेक बागवानी, कृषि स्टार्टअप और एफपीओ की सहभागिता सहित कृषक-वैज्ञानिक संवाद भी आयोजित किए जाएंगे।

अमरूद महोत्सव को सुव्यवस्थित और किसानोन्मुख बनाने के लिए जिला कलक्टर काना राम ने विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सभी समितियों को माइक्रो चेकलिस्ट और समयबद्ध कार्ययोजना के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि महोत्सव और कृषि मेले में आईसीएआर, कृषि विज्ञान केंद्र, एपीडा, सीआईपीएचईटी लुधियाना, सीआईएसएच लखनऊ, हिसार कृषि विश्वविद्यालय सहित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित संस्थानों के वैज्ञानिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसका उद्देश्य किसानों को कृषि की नवीनतम तकनीक, प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात से प्रत्यक्ष लाभ पहुँचाना है।

बैठक में आयोजन स्थल के ले-आउट, किसानों के आवागमन, सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा, विद्युत, पेयजल और प्रचार-प्रसार की व्यवस्थाओं पर विस्तार से विमर्श किया गया और समुचित व्यवस्थाओं के लिए निर्देश दिए गए। बैठक में संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) राकेश कुमार अटल, उप निदेशक पीडी आत्मा अमर सिंह, उप निदेशक उत्कृष्टता केंद्र लखपत मीणा, सहायक निदेशक उद्यानिकी बृजेश कुमार मीना, कृषि उपज मंडी सचिव दिलीप मीणा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

अमरूद महोत्सव और उन्नत कृषि तकनीकी मेला-2026 न केवल सवाई माधोपुर के किसानों के लिए शिक्षा और नवाचार का मंच साबित होगा, बल्कि यह कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, उत्पादन संवर्धन और आर्थिक समृद्धि की दिशा में जिले के प्रयासों को भी मजबूती प्रदान करेगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story