सवाई माधोपुर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाने की तैयारियां शुक्रवार को नई ऊर्जा के साथ शुरू हो गईं। जिले में पहली बार आयोजित होने जा रहे इस विशेष समारोह का माहौल उस समय और उत्साहपूर्ण हो उठा, जब राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय परिसर में जिला स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला प्रमुख सुदामा मीना ने किया। प्रदर्शनी में आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की जीवंत झलक देखने को मिली, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शनिवार, 15 नवम्बर को प्रातः 10 बजे संग्रहालय के ऑडिटोरियम में मुख्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें जनजातीय समाज के शौर्य, आत्मसम्मान और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को समर्पित विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया ने बताया कि समारोह से पहले सुबह 7 बजे पुलिस लाइन से एक भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जो कलक्ट्रेट सर्किल, अम्बेडकर सर्किल और ट्रक यूनियन मार्ग से होकर पुनः पुलिस लाइन पर सम्पन्न होगी। इस शोभायात्रा में जनजातीय परंपराओं की प्रतीक झांकियाँ विशेष आकर्षण होंगी।

कार्यक्रम के सहायक नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि मुख्य समारोह में राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण, जनजातीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, लाभ संतृप्ति शिविर और चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही राजीविका उत्पादों की बिक्री, जनाधार कार्ड पंजीकरण तथा स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष स्टॉल्स भी लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को सीधे सेवाओं का लाभ मिल सके।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित यह जिला स्तरीय समारोह न केवल आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को सम्मान देने का अवसर है, बल्कि समाज के योगदान और इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story