ग्राम विकास रथ अभियान: सवाई माधोपुर की 20 पंचायतों में हुआ योजनाओं का प्रचार
एलईडी वैन और कला जत्थों के माध्यम से ग्रामीणों को 13 विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा सुझाव पेटिकाएं स्थापित की गईं।

सवाई माधोपुर जिले में ग्राम विकास रथ अभियान के दौरान ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के पेम्फलेट वितरित कर जागरूक करते विभाग के प्रतिनिधि।
राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “ग्राम विकास रथ” अभियान का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्राम रथों ने जिले की 20 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों को 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को ग्राम रथों के माध्यम से सवाई माधोपुर जिले की ग्राम पंचायत श्यामोली, सांकड़ा, ऐबरा, मकसूदनपुरा, मुई, नीमली कलां-जुवाड़, रवांजना डूंगर, रवांजना चौड़, खिजूरी, पांचोलास, उदेई खुर्द, महानंदपुर, पिलोदा, कमालपुर, डाबर, सिरसाली, चांदनहोली, बिछौछ, बरनाला एवं सुन्दरी सहित कुल 20 ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा सुझाव पेटिका भी स्थापित की गई, जिससे आमजन अपने सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकें।
ग्राम रथों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सरल एवं रोचक ढंग से उपलब्ध कराई जा रही है। कला जत्थे के कलाकार स्थानीय भाषा एवं लोक गीतों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों तक संदेश प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।
अभियान के तहत गुरुवार, 7 मई को ग्राम रथ सवाई माधोपुर विधानसभा की ग्राम पंचायत पीलवा नदी, बिच्छीदौना, दोनायचा, चकबिलोली, माणोली, खण्डार की कुस्तला, डेकवा, जोना, आदलवाड़ा कलां, भगवतगढ़, गंगापुर सिटी की बगलाई, शिवाला, भालपुर, रेण्डायल गुर्जर, बामनवास की जस्टाना, पीपलदा, गालद कलां, कोड्याई एवं मामडोली में एलईडी वैन के माध्यम से प्रचार-प्रसार करेंगे।
इसके साथ ही कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को माणोली, भगवतगढ़, रेण्डायल गुर्जर एवं मामडोली में संध्या चौपालों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता सहित 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएगी। इन चौपालों में विभागीय अधिकारी ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम रथ अभियान के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुति देते हुए, ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के पेम्फलेट वितरित किए गए तथा ग्राम रथ की एलईडी स्क्रीन पर योजनाओं की जानकारी देखते ग्रामीणों ने भागीदारी की।
फोटो कैप्शन:- 6 पीआरओ 3 ग्राम रथ अभियान के तहत प्रस्तुति देते स्थानीय कलाकार।
फोटो कैप्शन:- 6 पीआरओ 4 ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं के पेम्फलेट वितरित।
फोटो कैप्शन:- 6 पीआरओ 5 ग्राम रथ की एलईडी स्क्रीन पर विभागीय योजनाओं की जानकारी देखते ग्रामीण।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
