राजस्थान सरकार द्वारा संचालित “ग्राम विकास रथ” अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों तक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाने और उनका लाभ सुनिश्चित कराने का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। इस अभियान के अंतर्गत वीडियो फिल्मों के साथ-साथ कला जत्थों की स्थानीय भाषा एवं लोकगीतों के माध्यम से प्रस्तुतियों द्वारा योजनाओं का सरल एवं रोचक तरीके से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि रथों के साथ चल रहे कला जत्थों के कलाकार राज्य सरकार के विकास कार्यों की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश सरल भाषा और आकर्षक अंदाज में ग्रामीणों तक पहुँचा रहे हैं। ग्रामीण इस अभियान के दौरान प्रस्तुत की जा रही जानकारियों को उत्सुकता के साथ ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

शुक्रवार को ग्राम रथों के माध्यम से सवाई माधोपुर जिले की बहतेड़, करेल, नीमोद, डिडवाड़ा, श्रीपुरा, झोपड़ा, बगीना, टापुर, महापुरा, शिवाड़, फुलवाड़ा, खण्डीप, मोहचा, मोहचा का पुरा, दतुली, धोराला, गोतोड़, झनून एवं कुशलपुरा सहित कुल 19 ग्राम पंचायतों में प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। रथों में सुझाव पेटिका भी लगाई गई है, जिसके माध्यम से आमजन अपने सुझाव सीधे सरकार तक पहुँचा सकते हैं।

ग्राम पंचायत टापुर में आयोजित कार्यक्रम में तहसीलदार नीरज सिंह, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश चंद्र जैन, सत्यनारायण धाकड़ एवं जिला संयोजक मथुरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रचार रथों द्वारा योजनाओं की जानकारी, कला जत्थों की प्रस्तुतियाँ तथा एलईडी स्क्रीन पर दिखाए गए विकास संदेशों ने ग्रामीणों को विशेष रूप से आकर्षित किया और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता को नई दिशा प्रदान की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story