ग्राम विकास रथ और रात्रि चौपाल के जरिए किसानों से संवाद करेंगे मानसिंह गुर्जर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर ग्राम विकास रथ के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी और ग्लोबल किसान एग्रीटेक मीट का प्रचार गांव-गांव पहुंचाया जाएगा।

| प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा केन्द्र एवं राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पंचायत स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “ग्राम विकास रथ” अब रात्रि चौपाल कार्यक्रमों के माध्यम से सीधे किसानों से संवाद करेगा, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
जिला प्रवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 23, 24 और 25 मई को जयपुर में राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित होने वाली ग्लोबल किसान एग्रीटेक मीट (GRAM) के अंतर्गत यह अभियान विशेष रूप से संचालित किया जा रहा है। इस दौरान ग्राम विकास रथ विभिन्न स्थानों पर रात्रि चौपाल आयोजित करेगा, जहां जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर स्वयं उपस्थित रहकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे।
उन्होंने बताया कि इन चौपालों में किसानों की आय कैसे दुगुनी हो, इस पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, साथ ही केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ और उपयोगिता के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिलाध्यक्ष मानसिंह गुर्जर 4, 6, 9 और 10 मई को गंगापुर सिटी क्षेत्र की मीणा पाड़ा, कमालपुर, सेवा, कुंसाय, वजीरपुर और सेवा ग्राम पंचायतों में आयोजित रात्रि चौपाल में भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त 5 मई को बामनवास की खेड़ली पंचायत, 7 मई को खंडार की भगवतगढ़ ग्राम पंचायत, 8 मई को बामनवास की कुशलपुरा और बौली ग्राम पंचायत तथा 11 मई को सवाई माधोपुर की मलारना डूंगर ग्राम पंचायत में भी उनकी उपस्थिति रहेगी।
इस दौरान उनके साथ पार्टी के स्थानीय जिला, मंडल, बूथ और शक्ति केंद्र स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जो कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। यह पहल ग्रामीण स्तर पर सरकारी योजनाओं की जानकारी और किसानों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
