राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “ग्राम विकास रथ” अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्राम रथ शनिवार, 9 मई को सवाई माधोपुर जिले की ग्राम पंचायत अनियाला एवं मलारना चौड़, खण्डार की सारसोप एवं ईसरदा, गंगापुर सिटी की पावटा एवं कुसाय तथा बामनवास की उदगांव, नानतोड़ी एवं मित्रपुरा में एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, सहकारिता सहित कुल 13 विभागों की योजनाओं की जानकारी एकीकृत रूप से ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। इसी क्रम में ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी योजनाओं से जुड़ सकें।

इसके अतिरिक्त निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को मलारना चौड़, ईसरदा, कुसाय एवं मित्रपुरा में संध्या चौपाल का आयोजन भी किया जाएगा। इन चौपालों में विभागीय अधिकारी ग्रामीणों को एक ही मंच पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएंगे और उन्हें योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक करेंगे।

ग्राम विकास रथ अभियान के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और ग्रामीणों को सीधे लाभान्वित करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story