राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026) के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जिले में 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला कलक्टर काना राम ने कलक्ट्रेट परिसर से ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के आमजन को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें इनका लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

अभियान के तहत आगामी 15 दिनों तक जिले की ग्राम पंचायतों में एलईडी युक्त प्रचार वाहन भ्रमण करेंगे। प्रत्येक रथ प्रतिदिन निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर ऑडियो-वीडियो माध्यम से योजनाओं की जानकारी देगा और प्रचार सामग्री का वितरण किया जाएगा। रथों के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

रथों में सुझाव पेटिका की व्यवस्था भी की गई है, जिसके माध्यम से ग्रामीण अपने सुझाव और समस्याएं दर्ज करवा सकेंगे। जिला परिषद के सीईओ गौरव बुडानिया ने बताया कि अभियान के दौरान संध्या चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही, कला जत्थों द्वारा लोकनाट्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी प्रचार किया जाएगा।

जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। यह अभियान ग्रामीण विकास, जनजागरूकता और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

फोटो कैप्शन:- 28 पीआरओ 1 ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते जिला कलक्टर काना राम।

फोटो कैप्शन:- 28 पीआरओ 2 जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों को सरकारी योजनाओं के पम्पलेट्स वितरित करते।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story