राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में 26 मई को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनहित एवं विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। यह ग्राम सभाएं ग्रामीण स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

विशेष ग्राम सभा के दौरान जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में 2 “नल जल मित्रों” का चयन किया जाएगा। जिन ग्राम पंचायतों में अब तक चयन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी है, वहां प्रस्ताव पारित कर चयन प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से पूर्ण किया जाएगा। इसके साथ ही चयनित “नल जल मित्रों” का इंद्राज ई-पंचायत पोर्टल पर विधिवत रूप से दर्ज किया जाएगा, ताकि योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

जिला प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि विशेष ग्राम सभा का आयोजन नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए तथा सभी आवश्यक कार्यवाहियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं। प्रशासन ने यह भी निर्देशित किया है कि ग्राम स्तर पर निर्णय प्रक्रिया में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

यह विशेष ग्राम सभा ग्रामीण विकास और जल प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन को गति देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक पारदर्शिता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story