राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी में पड़ोस युवा संसद आयोजित, युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
मेरा युवा भारत केंद्र के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्लोगन लेखन और जागरूकता वीडियो के जरिए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।

राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी में मेरा युवा भारत केंद्र, सवाई माधोपुर के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने और परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य रामकेश आदिवासी रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बाधक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं को जागरूक करने के लिए जागरूकता वीडियो प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही नारा लेखन गतिविधि आयोजित की गई और स्लोगन ड्रॉप बॉक्स के माध्यम से युवाओं के विचारों का संकलन किया गया।
पड़ोस युवा संसद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में नेहा चतुर्वेदी ने प्रथम, गौरी शर्मा ने द्वितीय और रामकेश बैरवा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि रामकेश आदिवासी ने तीनों प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने परिवार और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराकर नशामुक्त जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का समन्वय मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक सीताराम गुर्जर एवं आकाश वैष्णव ने किया। इस अवसर पर कैलाश बैरवा, सुरेश मीणा, धर्मराज मीणा, दिनेश मीणा, मनोज सैनी, धीरज गुप्ता, राकेश दुबे एवं धर्मवीर मीणा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
