हिंडौन सिटी।सरकारी कॉलेजों में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल के तहत कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने ‘प्रीमियर रिसर्च इंटर्नशिप फॉर मेरिट एंड एक्सीलेंस (प्राइम)’ योजना की शुरुआत की है। इस योजना में राजकीय महाविद्यालय हिंडौन सिटी को भी शामिल किया गया है, जिससे यहां के विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक और शोध संस्थानों में रिसर्च का अवसर प्राप्त होगा।

प्राइम योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को आईआईटी, आईआईएम, सीएसआईआर प्रयोगशालाओं, डीबीटी, डीएसटी, शीर्ष केंद्रीय विश्वविद्यालयों तथा नवीनतम एनआईआरएफ रैंकिंग में शामिल प्रमुख संस्थानों में इंटर्नशिप करने का अवसर मिलेगा। यह इंटर्नशिप न्यूनतम चार सप्ताह और अधिकतम आठ सप्ताह की होगी, जो मई-जून माह में आयोजित की जाएगी। आठ सप्ताह की इंटर्नशिप के लिए विद्यार्थियों को 16 हजार रुपये और चार सप्ताह के कार्यक्रम के लिए 8 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही कॉलेज से संबंधित संस्थान तक आने-जाने के लिए थर्ड एसी ट्रेन या बस का किराया भी दिया जाएगा।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पप्पू राम कोली ने बताया कि यूजी और पीजी के फाइनल सेमेस्टर को छोड़कर अन्य सभी नियमित विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र होंगे। उन्होंने इसे छात्रों के लिए एक स्वर्णिम अवसर बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थी अपनी मौलिक सोच को शोध के रूप में प्रस्तुत कर सकेंगे और बड़े संस्थानों में कार्य कर अपने ज्ञान एवं अनुभव को समृद्ध कर पाएंगे।

महाविद्यालय की रिसर्च एवं डेवलपमेंट सेल के संयोजक डॉ. अनिल अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस योजना का लाभ विशेष रूप से रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, गणित, भूगोल, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान विषयों के विद्यार्थी उठा सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थियों को अपने विषय से संबंधित एक स्वतंत्र एवं मौलिक राइट-अप तैयार कर समिति के समक्ष प्रस्तुत करना होगा। समिति द्वारा मूल्यांकन के बाद प्राचार्य के अनुमोदन से आवेदन आयुक्तालय को भेजा जाएगा।

आयुक्तालय स्तर पर विद्यार्थियों से एक गूगल फॉर्म भरवाया जाएगा तथा चार से पांच पृष्ठों का शोध प्रस्ताव जमा कराया जाएगा। विषय विशेषज्ञों द्वारा गहन मूल्यांकन के उपरांत श्रेष्ठ राइट-अप का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों में चार या आठ सप्ताह के शोध कार्यक्रम में भेजा जाएगा, जिसके लिए महाविद्यालय स्तर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

प्राइम योजना के माध्यम से राजकीय महाविद्यालय हिंडौन के विद्यार्थियों को शोध, नवाचार और व्यावहारिक अनुभव का मंच मिलेगा, जिससे न केवल उनका शैक्षणिक स्तर ऊंचा उठेगा बल्कि भविष्य की अकादमिक और शोध यात्रा के लिए भी नए द्वार खुलेंगे।

Dheeraj kumar Sharma (hindon city)

Dheeraj kumar Sharma (hindon city)

धीरज कुमार शर्मा (हिंदॉन सिटी), प्रात:काल समाचार के अनुभवी संवाददाता हैं। वे लगातार शहर और आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा खबरों को जनता तक पहुँचाने में सक्रिय हैं। धीरज जी की रिपोर्टिंग में तथ्यात्मकता, निष्पक्षता और गहन विश्लेषण की झलक दिखाई देती है। उनकी खबरें न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि पाठकों को घटनाओं की पूरी तस्वीर समझने में भी मदद करती हैं। वे हमेशा समय पर और सटीक समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Next Story