सवाई माधोपुर, 23 दिसंबर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 19 से 25 दिसंबर 2025 तक आयोजित सुशासन सप्ताह के तहत मंगलवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार की उपस्थिति में कलक्ट्रेट सभागार में गुड गवर्नेंस प्रैक्टिस पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में “विजन 2047” के तहत जिले को विकसित बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों, भविष्य की उड़ान 2.0, मिशन निडर और मिशन संवाद जैसे नवाचारों पर विस्तार से विमर्श किया गया।

कार्यशाला में राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर पिछले छह माह में आमजन की शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण करने वाले 14 वरिष्ठ अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकारियों में जिला परिषद के सीईओ गौरव बुडानिया, डीओआईटी के संयुक्त निदेशक पंकज मीना, अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीना, संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग, उप निदेशक डॉ. डिम्पल गुर्जर, विकास अधिकारी बौंली हेमश्री प्रद्युम्न, प्रर्वतन निरीक्षक रिपुदमन सिंह, परियोजना अधिकारी हितेश सोनी, तहसीलदार रामजीलाल मीना, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी वरूण मिश्रा, सहायक अभियंता सुदर्शन मीना, बच्चन सिंह मीना, सहायक प्रोग्रामर लोकेश पाटीदार और वरिष्ठ सहायक कमलेश कुमार शर्मा शामिल रहे।

जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि सुशासन का वास्तविक उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत सेवाओं का समयबद्ध प्रदाय सुनिश्चित करने, जनसुनवाई में संवेदनशीलता अपनाने और प्रशासन पर आमजन का विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सुशासन सप्ताह के अंतर्गत फॉलोअप सेवा शिविरों के माध्यम से विभागीय अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर आमजन को राहत प्रदान कर रहे हैं। 1 दिसंबर से अब तक राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर 4,345 शिकायतों का निस्तारण और 1,25,947 लोक सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। वहीं, सीपीग्राम पोर्टल पर प्राप्त 702 शिकायतों में से 668 का निस्तारण किया जा चुका है।

पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने कहा कि प्रत्येक परिवादी की बात सम्मान और संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसे संबंधित विभाग तक मार्गदर्शन प्रदान करना चाहिए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। कार्यशाला में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

भविष्य की उड़ान 2.0 अभियान के तहत जिले में विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ियों सहित अन्य शिक्षा संस्थानों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु आधुनिक लाइब्रेरी निर्माण, सामाजिक कुरीतियों जैसे अनावश्यक समारोहों में खर्च होने वाली राशि को शिक्षा विकास में उपयोग करना, और प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान सहित अध्ययन वातावरण को बेहतर बनाना इस पहल का हिस्सा है। इस अभियान के माध्यम से जनसहभागिता के रूप में अब तक लगभग 35 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।

साथ ही, बोल सवाई माधोपुर अभियान के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन अवकाश में अभिव्यक्ति कक्षाओं के माध्यम से 400 से अधिक बालिकाओं को इंग्लिश स्पीकिंग प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई। मिशन निडर कार्यक्रम के तहत बालिकाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना मजबूत की जा रही है, जबकि मिशन संवाद के माध्यम से पठन-पाठन संस्कृति, भाषा कौशल और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास किया जा रहा है।

कार्यशाला ने जिले में सुशासन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और प्रशासनिक दक्षता सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अधिकारियों की संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने का यह कार्यक्रम जिले में प्रशासनिक सुधार और आमजन की सेवा की दिशा में एक ठोस कदम साबित हुआ।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story