सवाई माधोपुर, 25 दिसंबर। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर जिले में सुशासन दिवस बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में अधिकारियों ने न केवल स्व. वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की, बल्कि जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संकल्प भी लिया।

समारोह की अध्यक्षता संभागीय भरतपुर आयुक्त नलिनी कठोतिया ने की, जबकि जिला कलक्टर काना राम और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। समारोह में पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा सहित जिले के विभिन्न अधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शासन सचिवालय में पुष्पांजलि अर्पित करते हुए सभी अधिकारियों को सुशासन की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण पूरे राज्य के जिलों में किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर भी अधिकारियों ने समान रूप से शपथ ग्रहण की।

संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने सभी कार्मिकों से कहा कि सहभागी, पारदर्शी और जनकल्याण केंद्रित शासन ही सुशासन की आत्मा है। उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने का आह्वान किया।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि जिला प्रशासन रात्रि चौपाल और जनसुनवाई जैसे माध्यमों से आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को स्वामित्व पट्टे, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, एनएफएसए के सत्यापन और सहमति से बटवारा जैसी सभी आवश्यक सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

सुशासन दिवस के अवसर पर जिले के सभी कार्यालयों, उपखंड, ब्लॉक और पंचायत समिति स्तर पर अधिकारियों एवं कार्मिकों ने सुशासन की शपथ ली, जिससे ग्राम स्तर तक सुशासन का संदेश व्यापक रूप से पहुंचा। इस कार्यक्रम ने अधिकारियों और कर्मचारियों में जवाबदेही, पारदर्शिता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की भावना को और अधिक मजबूत किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story