सवाई माधोपुर, 5 नवंबर। जनजातीय समाज के महानायक और स्वतंत्रता संग्राम के अमर वीर भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में केंद्र सरकार द्वारा मनाए जा रहे गौरव जयंती वर्ष के अंतर्गत एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बरनाला में 1 नवंबर से 15 नवंबर तक गौरव जयंती पखवाड़ा उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस पखवाड़े के दौरान विद्यालय परिसर में प्रतिदिन जनजागरण, सामाजिक सहयोग और सेवा से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को विद्यालय परिसर में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों, विद्यालय कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चिकित्सा शिविर में चिकित्सकों की टीम ने लगभग 200 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि गौरव जयंती पखवाड़े का उद्देश्य जनजातीय नायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और समाज में स्वास्थ्य, शिक्षा तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और जनसेवा संबंधी गतिविधियाँ भी आयोजित की जा रही हैं, जिससे उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी प्रबल हो सके।

गौरव जयंती पखवाड़े का यह आयोजन न केवल बिरसा मुंडा जैसे जननायकों की प्रेरणादायक विरासत को श्रद्धांजलि है, बल्कि समाज को एकजुट कर जनजातीय गौरव की भावना को सशक्त करने का भी प्रतीक बन रहा है।

Next Story