सवाई माधोपुर। 9 दिसंबर 2025। जीवन की अनिश्चितताओं के बीच इंसानियत की चमक कभी-कभी अकल्पनीय रूप से सामने आती है। सवाई माधोपुर निवासी गौरव जैन पुत्र अशोक कुमार जैन मोटर वाले की आकस्मिक मृत्यु के बाद उनके नेत्रों का दान न केवल दो लोगों के जीवन में रोशनी लेकर आया, बल्कि समाज में मानवता और संवेदना की मिसाल भी पेश की।

तेरापंथ युवक परिषद आदर्श नगर, शाइन इंडिया फाउंडेशन कोटा और तेरापंथ युवक परिषद इंदौर के पूर्व अध्यक्ष अर्पित जैन भगवतगढ़ के संयुक्त प्रयासों से यह नेत्रदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। नेत्रदान के दौरान गौरव जैन के परिजनों ने भावुकता के साथ कहा कि “गौरव भले ही हमारे बीच नहीं है, लेकिन उसके नेत्र अब भी दुनिया को देखने के लिए हमारे बीच हैं, जो हमें उनके साथ होने का अहसास दिलाते रहेंगे।”

इस मानवतापूर्ण पहल के तहत कोटा से शाइन इंडिया की टीम देर रात सवाई माधोपुर पहुंची। गौरव जैन की आकस्मिक मृत्यु की जानकारी मिलते ही अर्पित जैन ने तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष भीकम जैन और सह मंत्री रितेश गोयल से संपर्क कर इस कार्य में सहयोग का अनुरोध किया। परिजनों की सहमति मिलने के बाद ज्योति रथ सवाई माधोपुर पहुंचा और नेत्रदान का अनुकरणीय कार्य सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।

तेरापंथ युवक परिषद आदर्श नगर के क्षेत्रीय प्रभारी तुषार सुराणा चित्तौड़गढ़ ने गौरव जैन के परिजनों की इस प्रेरक पहल की प्रशंसा की और परिषद के कार्यकर्ताओं को साधुवाद प्रेषित किया। इस घटना ने साबित किया कि समाज में व्यक्तिगत दुःख भी दूसरों के लिए आशा और जीवनदान का माध्यम बन सकता है।

गौरव जैन के नेत्रदान ने न केवल दो जीवन बदल दिए, बल्कि समाज में मानवीय संवेदना और समाज सेवा की प्रेरणा को भी नई दिशा दी है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story