27 जुलाई को सवाईमाधोपुर में निकलेगी गो-सम्मान आह्वान शोभायात्रा, गो माता को राष्ट्र माता बनाने की उठेगी मांग
गो माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग को लेकर 27 जुलाई को सवाईमाधोपुर में गो-सम्मान आह्वान अभियान के तहत शोभायात्रा निकलेगी और हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा।

गो माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग को लेकर 27 जुलाई, सोमवार को गो-सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सवाईमाधोपुर में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत सभी गो प्रेमी एवं समाज बंधु जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, राज्य के माननीय मुख्यमंत्री तथा माननीय राज्यपाल के नाम गो भक्तों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना पत्र सौंपेंगे। यह कार्यक्रम सवाईमाधोपुर जिले के समस्त संत महापुरुषों के सानिध्य में आयोजित होगा।
आयोजकों के अनुसार गंगापुर, वजीरपुर, बरनाला, मलारना, बोली, खण्डार तथा बरवाड़ा सहित पूरे जिले से हजारों की संख्या में गो प्रेमी प्रातः 8 बजे विजेश्वर ट्रस्ट, बजरिया में एकत्रित होंगे। यहां एक घंटे तक हरे राम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात शिव मंदिर से उपस्थित संतों द्वारा गो माता का पूजन एवं आशीर्वाचन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 9.15 बजे शोभायात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, दौसा बस स्टैंड और अंबेडकर सर्किल होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। शोभायात्रा की विशेषता यह रहेगी कि गो भक्त संत समाज के सानिध्य में शांतिपूर्वक हरे राम संकीर्तन करते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक पहुंचेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम पूरे देश में एक ही दिन और एक ही समय पर आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से गो माता को सम्मान दिलाने, गो हत्या बंद करने तथा गो माता को संरक्षण प्रदान किए जाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र संबंधित संवैधानिक पदाधिकारियों को प्रेषित किया जाएगा।
गो-सम्मान आह्वान अभियान के जिला संयोजक नरेन्द्र मोहन गर्ग ने सवाईमाधोपुर के सभी व्यापारी भाइयों से विशेष आग्रह किया है कि वे 27 जुलाई को प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर इस पुनीत कार्य में सहयोग करें तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ें।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
