गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने तथा देशभर में पूर्ण गौ हत्याबंदी लागू करने की मांग को लेकर गौ सेवा समिति ने 27 जुलाई 2026 को सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन करने और जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष एवं गौ सम्मान आहान अभियान के जिला प्रचारक गौ सेवक गोविंद नारायण शर्मा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के पहले चरण के बाद अब दूसरे चरण में घर-घर जाकर जनसंपर्क और हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गौशालाओं के पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गौ सम्मान आहान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया है। अभियान के दूसरे चरण के तहत घर-घर जाकर हस्ताक्षर कराए जाएंगे। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान के काउंटर लगाए जाएंगे, जहां गौ सेवक आमजन से हस्ताक्षर कराएंगे।

गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि 27 जुलाई को बड़ी संख्या में गौ भक्त जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। जिला मुख्यालय के लिए 27 जुलाई को सुबह 7:00 बजे बस द्वारा गौ सेवक एवं गौ प्रेमी ज्ञापन देने के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, देशभर में पूर्ण गौ हत्या प्रतिबंध लागू करने, गौ सेवा के लिए केंद्रीय कानून एवं अलग मंत्रालय बनाने, गोचर बोर्ड की स्थापना, गौ सुरक्षा नीति लागू करने तथा गौ आधारित प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने की मांग की जाएगी।

बैठक में वर्ष 1966 से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के लिए चल रहे आंदोलनों, जनसंपर्क अभियानों तथा उनके परिणामों पर भी चर्चा की गई। गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि वर्तमान अभियान का उद्देश्य केवल गौ माता को सम्मान दिलाना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और संवर्धन के लिए ठोस पहल तथा प्रभावी जन सहयोग सुनिश्चित करना भी है।

बैठक में कई संत भी उपस्थित रहे। सभी संतों ने समाज से 27 जुलाई के आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने तथा गौ संरक्षण के समर्थन में आवाज उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष गोविंद नारायण शर्मा, दयाराम, शीलू, राजेंद्र थिरनी, समर सिंह, सुभाष अग्रवाल, रामजीलाल, मदन जोशी, कृपा शंकर उपाध्याय, विजय गोयल, गिरधारी गुप्ता, हुकुम सिंह, राजा राम सैनी, भी पाल यादव सहित दर्जनों गौ सेवक उपस्थित रहे। अभियान के तहत घर-घर जनसंपर्क, हस्ताक्षर अभियान और 27 जुलाई को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर व्यापक तैयारियों का संकल्प लिया गया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story