गौ माता छप्पन भोग महोत्सव को लेकर गंगापुर सिटी में कान्हा गौ सेवा समिति की बैठक संपन्न
पुरुषोत्तम मास की अमावस्या पर आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठान की पूर्व तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों ने विचार-विमर्श कर अंतिम रूपरेखा तैयार की।

गंगापुर सिटी की गोपाल गौशाला में कान्हा गौ सेवा समिति के संरक्षक दिनेश चंद्र गुप्ता की मौजूदगी में 15 जून को आयोजित होने वाले गौ माता छप्पन भोग महोत्सव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श करते पदाधिकारी।
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले भव्य 'गौ माता छप्पन भोग महोत्सव' को लेकर क्षेत्र के सनातन धर्मावलंबियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कान्हा गौ सेवा समिति के तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस विराट धार्मिक अनुष्ठान की पूर्व तैयारियों की समीक्षा हेतु गुरुवार प्रातः 7:00 बजे गोपाल गौशाला में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में महोत्सव को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बनाने के लिए समिति के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध जनों ने विचार-विमर्श कर अंतिम रूपरेखा तैयार की।
बैठक की शुरुआत करते हुए छप्पन भोग महोत्सव आयोजन के संरक्षक दिनेश चंद्र गुप्ता (तमोली पुरा) ने संपूर्ण महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा सदन के पटल पर रखी और आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु सभी सदस्यों से बहुमूल्य सुझाव मांगे। इसके पश्चात कार्यक्रम की संयोजक रेनू आर्य एवं पद्मा अग्रवाल, अध्यक्ष वेद प्रकाश मेडिकल, उपाध्यक्ष दिनेश कोर्ट, सचिव अशोक मंगल, कोषाध्यक्ष नवल गुप्ता, प्रवक्ता वेद प्रकाश मंगल, वीरेंद्र आर्य, नजेश शर्मा, जगदीश बंसल, अंकित, श्रीमती हेमलता अग्रवाल, सुधा गुप्ता, मिथिलेश बंसल तथा हेमलता सिंघल आदि ने बैठक में अपने-अपने विचार रखते हुए आयोजन की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
संयोजक द्वय रेनू आर्य और पद्मा अग्रवाल ने कार्यक्रम के समय और धार्मिक अनुष्ठानों की जानकारी देते हुए बताया कि नहर रोड स्थित गोपाल गौशाला में आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले इस महोत्सव की शुरुआत शाम 5:00 बजे पवित्र हवन कार्यक्रम के साथ होगी। इसके पश्चात शाम 5:30 बजे विधि-विधान से गौ पूजन किया जावेगा। तत्पश्चात शाम 5:45 बजे गौ माता के निमित्त छप्पन भोग लगाया जावेगा, जिसमें फल, फ्रूट, हरा चारा, सूखा चारा, मिष्ठान, सातों प्रकार के खाद्यान्न, गुड़, दलिया, खीर आदि सहित कुल छप्पन प्रकार के विशेष व्यंजन गौ माता को अर्पित किए जाएंगे। इस महाआयोजन के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए खीर प्रसादी वितरण का कार्यक्रम भी रखा रहेगा।
समिति के प्रवक्ता वेद प्रकाश मंगल ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से इस पुनीत कार्य में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि इस भव्य गौ माता छप्पन भोग महोत्सव में सभी सनातन प्रेमी अपना अधिक से अधिक योगदान देकर इस पावन पुरुषोत्तम मास में अक्षय पुण्य एवं धर्म लाभ अर्जित करें। उल्लेखनीय है कि कान्हा गौ सेवा समिति के सेवाभावी सदस्य प्रतिदिन गोपाल गौशाला में गोवंश की सेवा के लिए प्रातः 7:00 बजे एकत्रित होते हैं और निरंतर सेवा कार्य करते हैं, जिसके अंतर्गत गायों के लिए उत्तम चारा एवं पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। यह महोत्सव उसी अनवरत सेवा भावना का एक विराट स्वरूप है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
