सवाईमाधोपुर। 27 जुलाई 2026 को गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के तहत गो माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग को लेकर देशभर के 790 जिलों में एक साथ प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इसी क्रम में सवाईमाधोपुर जिले के गो प्रेमियों एवं समाज बंधुओं ने जिला कलेक्टर महोदय के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदय, माननीय प्रधानमंत्री एवं राज्य के माननीय मुख्यमंत्री महोदय तथा माननीय राज्यपाल महोदय को प्रार्थना पत्र सौंपा।

जिला संयोजक नरेन्द्रमोहन गर्ग ने बताया कि सवाईमाधोपुर जिले में 15,591 प्रपत्रों के माध्यम से 3,87,875 हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। यह कार्यक्रम जिले के समस्त संत महापुरुषों के सानिध्य में आयोजित हुआ। गंगापुर, वजीरपुर, बरनाला, मलारना, बोली, खण्डार और बरवाड़ा सहित पूरे जिले से हजारों की संख्या में गो भक्त विजेश्वर ट्रस्ट बजरिया में सुबह 8 बजे एकत्रित हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री राधा माधव के समक्ष एक घंटे तक हरे राम संकीर्तन के साथ हुई। जिला मीडिया प्रभारी रामआवतार गौतम ने बताया कि रामद्वारा में विराजमान श्री राम निवास जी महाराज, श्री किशोरिदास जी महाराज एवं पुष्कर से पधारे संत श्री गोबर गोपाल सरस्वती जी महाराज के साथ कार्यक्रम के राज्य प्रभारी बहादुर सिंह जी, गो वत्स रोहित दास जी एवं स्थानीय संतों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए संत-महात्माओं का आशीर्वचन प्राप्त हुआ।

इसके बाद सभी संतों एवं गणमान्य लोगों द्वारा गो माता का पूजन किया गया और आशीर्वचन प्रदान किए गए। प्रातः 9.15 बजे शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे गो माता थीं, उनके पीछे छोटे-छोटे गो गोपाल की झांकी रही। इसके बाद सभी संत महापुरुष हस्ताक्षर की पोथी मस्तक पर रखकर चल रहे थे। गो भक्त महिला, पुरुष एवं युवा हरे राम संकीर्तन करते हुए सुव्यवस्थित रूप से जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे।

गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत देशभर में एक ही समय आयोजित इस कार्यक्रम में गो माता को सम्मान दिलाने, गो हत्या बंद कराने एवं गो माता को संरक्षण दिलाने के लिए प्रार्थना पत्र दिए गए। सवाईमाधोपुर के सभी व्यापारी भाइयों द्वारा गो माता को राष्ट्र माता बनाने के इस कार्य में सहयोग प्रदान करने पर गो भक्तों ने आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जगदीश अग्रवाल पूर्व अध्यक्ष नगर विकास न्यास, महेश शर्मा जुवाड़, गिर्राज सिंहल, गोविन्द मित्तल, सुभाष व गोविन्दनारायण शर्मा, कृपाशंकर उपाध्याय, विजय सिंह गंगापुर से तथा विवेक गुप्ता, खण्डार से, स्वराज गुजर बोली से, बलराम सोनी, भवानी यादव, नरेश सिंधी, जीतू सिंधी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

गो सम्मान आह्वान अभियान के जिला मीडिया प्रभारी रामआवतार गौतम ने सभी गो भक्तों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गो माता की कृपा सभी पर बनी रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story