स्वच्छता निरीक्षण में परखी गई अरिहंत स्कूल की व्यवस्था, जल्द घोषित होंगे स्वच्छ स्कूल, बैंक और होटल
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत गंगापुरसिटी नगर परिषद ने अरिहंत उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नगर परिषद सभापति के निर्देशानुसार स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत अरिहंत उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता निरीक्षण करते हुए नगर परिषद टीम व विद्यार्थी।
नगर परिषद् गंगापुरसिटी सभापति कृष्ण कुमार गोयल के आदेशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत शहर में स्वच्छता और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर परिषद् की टीम ने अरिहंत उच्च माध्यमिक विद्यालय का स्वच्छता निरीक्षण किया। इस माह स्वच्छ बैंक, स्वच्छ स्कूल और स्वच्छ होटल की घोषणा भी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद् की टीम ने विद्यालय परिसर में कक्षाओं की साफ-सफाई, विद्यार्थियों के व्यक्तिगत स्वच्छता स्तर, नाखूनों की स्वच्छता, हाथ धोने की व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, डस्टबिन की उपलब्धता एवं उपयोग तथा विद्यालय परिसर की समग्र स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
नगर परिषद् की टीम ने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वच्छ आदतों के प्रति जागरूक करने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। विद्यार्थियों को नियमित रूप से हाथ धोने, नाखून साफ रखने, स्वच्छ यूनिफॉर्म पहनने और शौचालयों का सही तरीके से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने और विद्यालय परिसर में कचरा इधर-उधर नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा विद्यालय को प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ परिसर बनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
नगर परिषद् द्वारा शहर के विभिन्न विद्यालयों, बैंकों, होटलों एवं अन्य संस्थानों में स्वच्छता निरीक्षण और जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के तहत निर्धारित स्वच्छता मानकों के आधार पर स्वच्छ स्कूल की घोषणा किए जाने का उद्देश्य रखा गया है। इससे शैक्षणिक संस्थानों में स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सकेगा।
नगर परिषद् द्वारा बताया गया कि “स्वच्छ एवं सुंदर गंगापुरसिटी के निर्माण में विद्यालयों एवं विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।” विद्यालय में स्वच्छ वातावरण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं समग्र विकास के लिए आवश्यक है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई।
नगर परिषद् ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत नागरिकों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न संस्थानों की सहभागिता से गंगापुरसिटी को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत इस माह स्वच्छ बैंक, स्वच्छ स्कूल और स्वच्छ होटल की घोषणा की जाएगी।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
