गंगापुर सिटी। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के आह्वान पर कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन लगातार नौवें दिन भी वेतन लॉबी के बाहर पूरी तीव्रता के साथ जारी रहा। वर्किंग से जुड़े विवादों को लेकर जॉन एवं मंडल स्तर पर अब तक हुई तमाम वार्ताएं पूरी तरह विफल रही हैं, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मंडल कोषाध्यक्ष डीके शर्मा एवं शाखा अध्यक्ष आर डी मीना ने स्पष्ट किया कि शीर्ष नेतृत्व और प्रशासन के बीच वर्किंग विवाद को लेकर हुई अब तक की सभी बातचीत बेनतीजा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन कर्मचारियों के साथ संवादहीनता बनाए रखकर उन्हें जबरन उग्र आंदोलन के लिए विवश कर रहा है। यदि आगामी सप्ताह के भीतर वर्किंग विवाद का संतोषजनक समाधान नहीं निकाला गया, तो संघ आंदोलन को और अधिक उग्र एवं व्यापक रूप देने के लिए मजबूर होगा।

इस प्रदर्शन में कार्यकारी अध्यक्ष भंवरसिंह कठेरिया, हरिमोहन मीना, दीवान सिंह, इमरान खान, अशोक नगरवाल, राजेंद्र पोसवाल, सोहनलाल लोधा, यशवंत सिंह, राजेश मीणा तथा श्रीकेश गुर्जर सहित भारी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने सभी रेलकर्मियों से एकजुट होकर इस संघर्ष में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि प्रशासन पर दबाव बनाया जा सके। आगामी दिनों में यदि प्रशासन ने मांगों को गंभीरता से नहीं लिया, तो रेल संचालन और व्यवस्था पर गहरा असर पड़ने की संभावना है, जिससे रेलवे प्रशासन के सामने संकट खड़ा हो सकता है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story