गंगापुर सिटी में शहरी सेवा शिविर-2026 के दौरान वार्ड नंबर 52 के निवासियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर नगर परिषद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत के 24 घंटे के भीतर मौके का निरीक्षण किया। शनिवार को नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने अधिकारियों की टीम के साथ वार्ड का विस्तृत दौरा कर विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मदन मोहन गर्ग के अनुसार, वार्ड नंबर 52 के निवासियों ने 3 जुलाई को आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 में निवर्तमान पार्षद श्रीमती सीता शर्मा एवं उनके पति वेद प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में सड़क, नाली, जल निकासी एवं अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा था। उस दौरान आयुक्त ने 4 जुलाई को वार्ड का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था।

अपने आश्वासन के अनुरूप शनिवार को नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने सफाई निरीक्षक पिंटू राम मीणा, कनिष्ठ अभियंता रीना मीणा, कार्यालय सहायक मनमोहन दुबे, सफाई इंचार्ज कमलेश, जमादार बबलू तथा नगर परिषद के दस्ते के साथ करीब दो घंटे तक वार्ड नंबर 52 का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वार्ड की विभिन्न समस्याओं का मौके पर अवलोकन किया और उनके समाधान के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की। नाले के बहाव क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण को हटाने, नाला सफाई कराने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए सफाई निरीक्षक पिंटू राम मीणा को तीन दिन के भीतर कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान निवर्तमान पार्षद के पति वेद प्रकाश शर्मा और बड़ी संख्या में वार्डवासी भी अधिकारियों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को वार्ड की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस पर आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने नगर परिषद के उपलब्ध संसाधनों से तत्काल हल किए जा सकने वाले कार्यों को बिना विलंब पूरा करने के निर्देश मौके पर ही दिए। वहीं सड़क एवं नाली निर्माण जैसे कार्यों के लिए शीघ्र बजट आवंटित होने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कराने का आश्वासन भी दिया।

नगर परिषद प्रशासन की यह कार्रवाई शहरी सेवा शिविर-2026 में प्राप्त शिकायत पर त्वरित प्रतिक्रिया के रूप में सामने आई, जिसके तहत वार्ड नंबर 52 की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए निरीक्षण के साथ आगे की कार्यवाही के निर्देश भी जारी किए गए।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story