स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत गंगापुर सिटी के विद्यालयों में लगी स्वच्छता की पाठशाला, विद्यार्थियों को सिखाया कचरा पृथक्करण
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 और "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ (SABB-2026)" अभियान के तहत गंगापुर सिटी के विद्यालयों में स्वच्छता की पाठशाला आयोजित हुई। विद्यार्थियों को Solid Waste Management (SWM) Rules-2026, चार डस्टबिन प्रणाली, कम्पोस्ट निर्माण और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचाव की जानकारी दी गई।

तस्वीर में गंगापुर सिटी के एक विद्यालय में आयोजित स्वच्छता अभियान के दौरान छात्र हरे रंग के डस्टबिन के पास खड़े होकर स्वच्छता की जानकारी देते हुए नजर आ रहे हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 एवं "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ (SABB-2026)" अभियान के अंतर्गत नगर परिषद् गंगापुर सिटी के आयुक्त बृजेंद्र मीणा के निर्देशानुसार शहर के विभिन्न विद्यालयों में "स्वच्छता की पाठशाला" का आयोजन किया गया। इस क्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं क्रिएटिव पब्लिक स्कूल में नगर परिषद् गंगापुर सिटी की आईईसी टीम ने विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सही तरीके से हाथ धोने की वैज्ञानिक विधि का प्रदर्शन कर स्वच्छ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही Solid Waste Management (SWM) Rules-2026 की जानकारी देते हुए चार डस्टबिन प्रणाली को विस्तार से समझाया गया।
आईईसी टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि हरे रंग के डस्टबिन में गीला कचरा, नीले रंग के डस्टबिन में सूखा कचरा, लाल रंग के डस्टबिन में सैनिटरी एवं घरेलू जैव-चिकित्सा अपशिष्ट तथा काले रंग के डस्टबिन में विशेष श्रेणी के अपशिष्ट को अलग-अलग डालना आवश्यक है। इसके अलावा बच्चों को घर पर गीले कचरे से कम्पोस्ट बनाकर जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया भी समझाई गई और कचरे के पृथक्करण के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उसके स्थान पर कपड़े एवं जूट के बैग के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। नगर परिषद् गंगापुर सिटी ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाएं, कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करें, प्लास्टिक का उपयोग कम करें तथा स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर गंगापुर सिटी के निर्माण में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन अभियंता भुरसिंह मीना, आईईसी टीम से रवि नगर और प्रिंस जोशी सहित विद्यालयों का स्टाफ एवं समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यवहारिक जानकारी देकर जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया गया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
