गंगापुर सिटी: वर्धमान हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर और भावना योग केंद्र का उद्घाटन कल
महावीर जयंती पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप द्वारा आयोजित शिविर में रिया ब्लड बैंक करेगा रक्त संग्रह, मुनि प्रमाण सागर के आशीर्वाद से शुरू होगा योग केंद्र।

गंगापुर सिटी। भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर सेवा और अध्यात्म का अनूठा संगम कल रविवार, 29 मार्च को वर्धमान हॉस्पिटल में देखने को मिलेगा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप एवं भारतीय जैन मिलन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशाल रक्तदान शिविर तथा मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज के आशीर्वाद से 'भावना योग केंद्र' का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
शिविर के संयोजक डॉ. मनोज जैन एवं विमल जैन गोधा ने तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए बताया कि रक्तदान की प्रक्रिया प्रातः 8 बजे से प्रारंभ हो जाएगी। शनिवार को आयोजक मंडल के सदस्यों ने चिकित्सालय परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। इस पुनीत कार्य में रिया ब्लड बैंक द्वारा रक्त संग्रहित किया जाएगा, जो 24 घंटे असहाय एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए उपलब्ध रहेगा। आयोजन समिति ने शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, छात्र संघों, व्यापार मंडलों और युवाओं से मानवता के इस महाकुंभ में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है।
रक्तदान के साथ-साथ चिकित्सालय भवन में दिगंबर जैन मुनि 108 श्री प्रमाण सागर जी महाराज की दिव्य प्रेरणा एवं आशीर्वाद से नवनिर्मित भावना योग केंद्र का भी श्रीगणेश होने जा रहा है। प्रातः 10 बजे आयोजित होने वाले गरिमामयी उद्घाटन समारोह में दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष सुरेंद्र जैन पांड्या, दिगंबर जैन महिला महासमिति की प्रदेश अध्यक्ष शकुंतला विधायक, भारतीय जैन मिलन के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जैन पाटनी, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर तथा नगर परिषद के निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर केंद्र का लोकार्पण करेंगे। सेवा और स्वास्थ्य को समर्पित यह दोहरा आयोजन क्षेत्र के सामाजिक और आध्यात्मिक उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
