शहरी सेवा शिविर में पट्टों से लेकर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तक, एक ही छत के नीचे मिले त्वरित समाधान
गंगापुर सिटी में शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत वार्ड 7 से 12 तक आयोजित शिविर में नागरिकों को पट्टा, प्रमाण पत्र, बिजली-पानी, पेंशन व अन्य सेवाओं का मौके पर निस्तारण किया गया। अगले शिविर की भी घोषणा ने बढ़ाई हलचल।

गंगापुर सिटी नगर परिषद सभागार में 18 जून को आयोजित शहरी सेवा शिविर के दौरान नागरिकों के आवेदनों की समीक्षा कर समस्याओं का निस्तारण करते विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी।
गंगापुर सिटी में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 एक बार फिर लोगों के लिए राहत का माध्यम बनकर सामने आया, जहां पट्टों से लेकर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तक अनेक सेवाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। नगर परिषद गंगापुर सिटी द्वारा वार्ड संख्या 07 से 12 तक के लिए नगर परिषद सभागार में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया गया।
नगर परिषद आयुक्त बृजेन्द्र मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान नगर परिषद की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के साथ-साथ साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पट्टे, कृषि भूमि नियमन, लीज डीड, पुरानी आबादी/69ए/स्कीम पट्टे, उपविभाजन, भवन निर्माण स्वीकृति, नाम हस्तांतरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनाधार कार्ड, फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र, पेंशन प्रकरण, पालनहार योजना और खाद्य सुरक्षा जैसी जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ भी नागरिकों को उपलब्ध कराया गया।
शिविर में नोडल प्रभारी दुष्यंत राज, राजस्व अधिकारी तथा वार्डों के अनुसार सहायक अभियंताओं की तैनाती के साथ विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य संपादित किए गए। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, आयोजना, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पीडब्ल्यूडी, विद्युत एवं वन विभाग सहित अनेक विभागों ने मौके पर ही सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान प्राप्त शिकायतों एवं परिवादों का भी त्वरित निस्तारण किया गया।
18 जून को आयोजित इस शिविर में पट्टों के 18, भवन निर्माण स्वीकृति के 2, नाम हस्तांतरण के 3, प्रधानमंत्री स्वनिधि के 12, स्ट्रीट लाइट के 11, यूडी टैक्स का 1, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 32, घर-घर कचरा संग्रहण के 12, पूरक पोषाहार के 11, पेंशन के 3, जनाधार के 47, खाद्य सुरक्षा के 26, विद्युत विभाग के 43, सीवरेज के 3 तथा पेयजल के 5 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।
नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि शहरी सेवा शिविर-2026 का अगला आयोजन 19 जून 2026 को वार्ड संख्या 13 से 18 तक नगर परिषद सभागार में किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है, जिससे योजनाओं का सीधा लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंच सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
