गंगापुर सिटी में नगर परिषद की ओर से राज्य सरकार एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार आयोजित फॉलोअप शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत बुधवार को वार्ड संख्या 11 से 20 तक के लिए नगर परिषद सभागार में शिविर आयोजित किया गया। शिविर के दौरान 160 से अधिक प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके साथ ही तालुका विधिक सेवा समिति गंगापुर सिटी की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती मीनाक्षी अमित चौधरी ने उपस्थित नागरिकों को विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी दी।

फॉलोअप शहरी सेवा शिविर में नागरिकों को विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। शिविर में पट्टे, कृषि भूमि नियमन, लीजडीड, 69ए एवं पुरानी आबादी के पट्टे, भवन निर्माण स्वीकृति, नाम हस्तांतरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, स्ट्रीट लाइट, स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास, जनाधार, पेंशन, पालनहार, खाद्य सुरक्षा सहित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से जुड़े कार्य किए गए। प्राप्त शिकायतों एवं परिवादों का भी मौके पर ही निस्तारण किया गया।

29 जुलाई को आयोजित शिविर में 4 पट्टे, 1 भवन निर्माण स्वीकृति, 2 नाम हस्तांतरण, 4 स्ट्रीट लाइट, 48 जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, 5 घर-घर कचरा संग्रहण, 3 पूरक पोषाहार, 1 पेंशन, 6 पालनहार, 20 जनाधार, 46 खाद्य सुरक्षा, 5 विद्युत तथा 2 पेयजल प्रकरणों सहित अन्य मामलों का निस्तारण किया गया।

नगर परिषद के अनुसार फॉलोअप शहरी सेवा शिविर की अगली कड़ी 30 जुलाई को भी नगर परिषद सभागार में वार्ड संख्या 11 से 20 तक के लिए आयोजित की जाएगी। नगर परिषद ने आमजन एवं संबंधित वार्डवासियों से शिविर में पहुंचकर राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story