गंगापुर सिटी, वजीरपुर और बामनवास में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार 11 सितम्बर को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद चुनाव सामग्री उपलब्ध कराकर संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। जिले में मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम मतदान दलों के प्रशिक्षण के दौरान मौजूद रहे और मतदान कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए। नगर परिषद गंगापुर सिटी के मतदान कर्मियों को स्थानीय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से, नगर पालिका वजीरपुर के मतदान कर्मियों को राजकीय कन्या महाविद्यालय वजीरपुर से तथा नगर पालिका बामनवास के मतदान कर्मियों को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बामनवास से चुनाव सामग्री उपलब्ध कराकर निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। मतदान दलों ने शुक्रवार सुबह मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी।

द्वितीय चरण में नगर परिषद गंगापुर सिटी, नगर पालिका वजीरपुर और नगर पालिका बामनवास के 104 वार्डों के लिए कुल 140 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इन केन्द्रों पर कुल 1 लाख 11 हजार 660 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

नगर परिषद गंगापुर सिटी के 60 वार्डों के लिए 96 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। यहां 89 हजार 229 मतदाता मतदान करेंगे। नगर पालिका वजीरपुर के 24 वार्डों के लिए 24 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 11 हजार 345 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर पालिका बामनवास के 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 11,086 मतदाता मतदान करेंगे। वजीरपुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 14 से इण्डियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी पूरणमल बैरवा की निर्विरोध विजय हुई है।

द्वितीय चरण में मतदान वाले तीनों नगरीय निकायों के 104 वार्डों में सदस्य पद के लिए कुल 506 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें नगर परिषद गंगापुर सिटी से 297, नगर पालिका वजीरपुर से 114 और नगर पालिका बामनवास से 95 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।

रवानगी से पहले नगर परिषद गंगापुर सिटी के मतदान दलों के लिए राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गंगापुर सिटी में अंतिम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी का कार्य है। सभी कार्मिक पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्भयता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र पर पहुंचने के बाद ईवीएम की स्थापना, मॉक पोल सहित निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी निर्धारित कार्य नियमानुसार पूर्ण किए जाएं।

द्वितीय चरण के मतदान के लिए तीनों नगरीय निकायों के 140 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराने के लिए कुल 560 मतदान कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। इनमें 140 पीठासीन अधिकारी, 140 प्रथम मतदान अधिकारी तथा 280 द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारी शामिल हैं। प्रत्येक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी के साथ प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, मॉक पोल, मतदान अभिकर्ताओं की भूमिका, मतदाता पहचान और अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 11 सितंबर को निर्धारित मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान शुरू होने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मॉक पोल करवाया जाएगा और उसके बाद मतदान शुरू किया जाएगा।

स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिले के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील 42 मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी। इसके अलावा 20 जोनल मजिस्ट्रेट और 15 पुलिस मोबाइल पार्टियों को तैनात किया गया है। 28 मतदान केन्द्रों पर वीडियोग्राफर के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे किसी भी व्यक्ति का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें और निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पूर्ण निष्पक्षता एवं तटस्थता बनाए रखें। मतदान दलों को यह भी निर्देशित किया गया कि मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री को निर्धारित संग्रहण केन्द्र पर सुरक्षित रूप से जमा करवाया जाए। अब शुक्रवार को 104 वार्डों के 140 मतदान केन्द्रों पर 1 लाख 11 हजार 660 पंजीकृत मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story