अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन के 17 जुलाई 2026 को होने वाले लोकार्पण समारोह को लेकर पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल ने यात्रियों एवं आमजन के लिए सोशल मीडिया अभियान "गंगापुर जंक्शन–सेल्फी का टशन" शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान के माध्यम से पुनर्विकसित स्टेशन की आधुनिक सुविधाओं और नए स्वरूप को लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को इस विशेष अवसर से जोड़ा जाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि "गंगापुर जंक्शन–सेल्फी का टशन" प्रतियोगिता 14 जुलाई 2026 को अपराह्न 4:00 बजे से शुरू होकर 16 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन परिसर के साथ अपनी आकर्षक सेल्फी लेकर उसे अपने इंस्टाग्राम, फेसबुक अथवा एक्स (Twitter) अकाउंट पर निर्धारित हैशटैग के साथ पोस्ट करना होगा। पोस्ट में #सेल्फीविथगंगापुरजंक्शन, #GangapurSelfieTashan, #SelfieWithGangapurJunction, #AmritBharatStation और #GangapurCityStation का उपयोग करना अनिवार्य होगा।

सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद प्रतिभागी को पोस्ट का स्क्रीनशॉट, अपना नाम, उम्र, शहर एवं मोबाइल नंबर सहित प्रतियोगिता के लिए निर्धारित मोबाइल नंबर 9256100412 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजना होगा।

प्रतियोगिता के लिए सेल्फी स्पष्ट एवं उच्च गुणवत्ता वाली होनी चाहिए तथा उसमें पुनर्विकसित स्टेशन भवन अथवा स्टेशन परिसर साफ दिखाई देना आवश्यक होगा। प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी सेल्फी के साथ स्टेशन से संबंधित एक रचनात्मक स्लोगन या कैप्शन भी लिखना होगा। एक प्रतिभागी अधिकतम एक प्रविष्टि ही भेज सकेगा।

रेल प्रशासन ने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों से रेल सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है। चलती अथवा खड़ी ट्रेन, रेलवे ट्रैक या प्लेटफॉर्म की पीली सुरक्षा रेखा पार कर सेल्फी लेना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए ली गई अथवा असुरक्षित तरीके से खींची गई किसी भी सेल्फी को प्रतियोगिता के लिए स्वीकार नहीं किया जाएगा।

श्री जैन ने बताया कि प्राप्त प्रविष्टियों में से श्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को 17 जुलाई 2026 को आयोजित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन के लोकार्पण समारोह में मंच पर प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। चयनित उत्कृष्ट सेल्फियों को समारोह स्थल पर बड़ी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा इन्हें प्रतिभागियों के नाम सहित मंडल रेल प्रबंधक, कोटा के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया जाएगा। प्रतियोगिता के संबंध में रेल प्रशासन का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।

रेल प्रशासन ने गंगापुर सिटी एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों, यात्रियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से इस विशेष अभियान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि पुनर्विकसित गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन को सोशल मीडिया के माध्यम से नई पहचान मिल सके। रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं आमजन से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story