गंगापुर सिटी। राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन 2 और 3 जनवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, गांधीनगर, जयपुर में आयोजित किया जाएगा। इस महत्त्वपूर्ण दो दिवसीय सम्मेलन में शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार, बालकों में चरित्र निर्माण, स्थाई और पारदर्शी स्थानांतरण नीति, तृतीय वेतन श्रेणी श्रृंखला के शिक्षकों के स्थानांतरण, सभी शिक्षक संवर्गों की डीपीसी, पीईईओ पर बढ़ता कार्यभार, शिक्षक समानीकरण और गैर-शैक्षणिक कार्यों के बढ़ते दबाव जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस अवसर पर गंगापुर सिटी में राजस्थान शिक्षक संघ सियाराम जिला सवाई माधोपुर की कार्यकारिणी, उपशाखा वजीरपुर, बामनवास और गंगापुर की समस्त कार्यकारिणी सदस्यों एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक सुरेश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश मंत्री सोहन लाल गुप्ता ने आगामी सम्मेलन की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में राज्य सरकार को शिक्षकों की मांगों के लिए ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत की जाएगी।

इस अवसर पर हनुमान प्रसाद शर्मा का सेवानिवृत्ति दिवस भी मनाया गया। सभा अध्यक्ष गोपाल लाल गुप्ता, रामबाबू शर्मा और नरेश सिसोदिया ने उन्हें माला एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया। पवन कुमार शर्मा ने हनुमान प्रसाद शर्मा के सरल जीवन और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की, और बताया कि उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की सेवा पूरी निष्ठा और लगन के साथ की है।

प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में लगभग 100 शिक्षक बंधुओं ने भाग लेने की सहमति दी। गंगापुर से सभी शिक्षक बंधु 6:00 बजे जयपुर के लिए रवाना होंगे। इस अवसर पर देवेंद्र शर्मा, सोहन लाल गुप्ता, गोपाल लाल गुप्ता, गिरीश कुमार गर्ग, नरेश सिसोदिया, शिवचरण मीणा, श्रीजेश गुर्जर, सत्य प्रकाश गर्ग, फिरोज खान, कैलाश चंद शर्मा, महेश चंद जैन, जगदीश नारायण मिश्र, रामबाबू शर्मा और चंद्रप्रकाश गर्ग उपस्थित रहे।

शिक्षक संघ सियाराम का यह प्रदेश स्तरीय सम्मेलन न केवल शिक्षा सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, बल्कि शिक्षकों के हितों और उनके कार्यभार के न्यायपूर्ण समाधान की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होने जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story